प्रतापपुर/सूरजपुर सूरजपुर जिले के प्रतापपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मायापुर-2 स्थित शासकीय माध्यमिक शाला में विद्यार्थियों से टाई-बेल्ट के नाम पर कथित रूप से 30, 50 से लेकर 100 रुपये तक लिए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में कुछ बच्चों के बयान सामने आए हैं, जिनमें उन्होंने अलग-अलग राशि लिए जाने की बात कही है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
बताया जा रहा है कि बच्चों से टाई-बेल्ट के नाम पर राशि लिए जाने की शिकायत पहले भी सामने आई थी। इस वर्ष भी मामला सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर इसकी चर्चा शुरू हो गई है। मौके पर बच्चों से बातचीत के दौरान कुछ विद्यार्थियों ने टाई और बेल्ट पहने होने की बात भी सामने आई।
मामले को लेकर सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि यदि शासकीय माध्यमिक विद्यालयों में टाई-बेल्ट को लेकर कोई अनिवार्यता निर्धारित नहीं है, तो विद्यार्थियों से इसके नाम पर राशि क्यों ली गई? वहीं, बच्चों के बयानों में अलग-अलग राशि बताए जाने से मामले की निष्पक्ष जांच की आवश्यकता और बढ़ गई है।
मामले की पड़ताल के दौरान बच्चों ने कथित तौर पर बताया कि उनसे टाई-बेल्ट के लिए पैसे लिए गए हैं। वहीं, बच्चों का यह भी कहना सामने आया कि पिछले वर्ष भी इसी तरह राशि ली गई थी। दूसरी ओर, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिका की ओर से इस संबंध में क्या पक्ष है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
बताया गया है कि मायापुर-2 के विद्यालय से जुड़े मामलों को लेकर पूर्व में भी विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री मन्नू धुर्वे को जानकारी दी गई थी और कार्रवाई के तौर पर कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने की बात कही जा रही है। इसके बावजूद अब एक बार फिर टाई-बेल्ट के नाम पर राशि लिए जाने की शिकायत सामने आने से विद्यालय की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
निष्पक्ष जांच की मांग
स्थानीय लोगों और शिकायतकर्ताओं ने जिला शिक्षा विभाग एवं विकासखंड शिक्षा विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। मांग की गई है कि विद्यालय के रिकॉर्ड, संबंधित सामग्री की खरीद, विद्यार्थियों से ली गई राशि तथा अन्य संबंधित दस्तावेजों की जांच की जाए और बच्चों के बयान स्वतंत्र रूप से दर्ज किए जाएं।
अब देखने वाली बात होगी कि शिक्षा विभाग इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और जांच के बाद क्या कार्रवाई सामने आती है। फिलहाल विद्यार्थियों द्वारा लगाए गए आरोपों की सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। इस मामले में विद्यालय प्रबंधन एवं संबंधित शिक्षकों का पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
टाई-बेल्ट के नाम पर बच्चों से पैसे लेने का आरोप, जांच की मांग
Leave a comment


