निष्पक्ष जांच और दोषी अधिकारी पर कार्यवाही की मांग, न्याय नहीं मिलने पर न्यायालय एवं महिला आयोग जाने की चेतावनी।
जांजगीर:– महिला पुलिसकर्मी से वर्दी में बाथरूम साफ करवाने के कथित मामले को लेकर संयुक्त पुलिस कर्मचारी एवं परिवार कल्याण संघ ने कार्यवाही की मांग तेज कर दी है। इसी सिलसिले में संघ के अध्यक्ष उज्जवल दीवान, जिला अध्यक्ष ज्योति एवं संगठन की लीगल टीम व जनप्रतिनिधियों ने पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा श्री विजय पांडे से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वाले अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
लगभग 1 घण्टे की मुलाकात और सार्थक चर्चा के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री विजय पांडे ने संघ के प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले की जांच के लिए कमेटी गठित कर दी गई है। जांच कमेटी का निर्णय जल्द आने की उम्मीद है। इसके बाद दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के विरुद्ध कार्यवाही के लिए प्रतिवेदन तैयार करवाया जाएगा।
संघ के प्रतिनिधिमंडल ने जांच की पारदर्शिता पर जोर देते हुए कहा कि घटनास्थल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच इस मामले में महत्वपूर्ण साक्ष्य साबित हो सकती है। इसलिए संबंधित कार्यस्थल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अनिवार्य रूप से जांची जाए, ताकि घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके और जिम्मेदार व्यक्ति की पहचान की जा सके।


संघ के पदाधिकारियों एवं लीगल टीम ने कहा कि पुलिस विभाग में कार्यरत कर्मचारियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करना आवश्यक है। यदि किसी कर्मचारी के साथ अमर्यादित व्यवहार या पद का दुरुपयोग किया गया है, तो मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्यवाही होनी चाहिए। विशेष रूप से महिला पुलिसकर्मी से जुड़ा यह मामला संवेदनशील है, इसलिए जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
संघ ने स्पष्ट किया कि यदि पुलिस अधीक्षक कार्यालय के स्तर पर निष्पक्ष जांच नहीं होती और पीड़िता को न्याय नहीं मिलता, तो संगठन उसके न्याय के लिए जिला न्यायालय, माननीय उच्च न्यायालय तथा महिला आयोग का दरवाजा खटखटाएगा। संघ ने कहा कि पीड़िता को न्याय दिलाने और पुलिस कर्मचारियों की गरिमा एवं सम्मान की रक्षा के लिए संगठन लोकतांत्रिक एवं कानूनी तरीके से अपनी लड़ाई जारी रखेगा।
पुलिस अधीक्षक से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में संयुक्त पुलिस कर्मचारी एवं परिवार कल्याण संघ के अध्यक्ष उज्जवल दीवान, जिला अध्यक्ष एडवोकेट श्रीमती ज्योति (चोलेश्वरी वैष्णव), लीगल टीम से एडवोकेट सूरज गोस्वामी, एडवोकेट सुश्री भावना राठौर, एडवोकेट प्रणय सिंह एवं एडवोकेट अमित खन्ना शामिल रहे। इनके अलावा जनपद पंचायत नवागढ़ के जनप्रतिनिधि सदस्य हेमंत पैगवार, अमित यादव, भीम रेजिमेंट के अध्यक्ष सुरेंद्र रत्नाकर सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
संघ ने उम्मीद जताई कि जांच समयबद्ध और निष्पक्ष तरीके से पूरी होगी तथा तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी, जिससे पीड़िता को न्याय मिल सके और पुलिस विभाग में कर्मचारियों के सम्मान एवं गरिमा की रक्षा सुनिश्चित हो।


