एक माह में कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीणों के साथ आंदोलन की चेतावनी
सुकमा:– जिले की ग्राम पंचायतों और प्रमुख मोहल्लों में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था को लेकर आम आदमी पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। आम आदमी पार्टी के सुकमा जिलाध्यक्ष सुरेश कवासी के नेतृत्व में पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर जिले की सभी ग्राम पंचायतों और प्रमुख मोहल्लों में तत्काल स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की है।
आप नेताओं का कहना है कि सुकमा जिले की अधिकांश ग्राम पंचायतें जंगल और झाड़ियों से घिरे क्षेत्रों में स्थित हैं। ऐसे में शाम होते ही कई इलाकों में अंधेरा छा जाता है। स्ट्रीट लाइट के अभाव में ग्रामीणों को रात के समय आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं जंगली जानवरों और जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा भी बना रहता है।
ज्ञापन के माध्यम से पार्टी ने प्रशासन से मांग की है कि जिले की सभी ग्राम पंचायतों एवं प्रमुख मोहल्लों में आवश्यकता के अनुसार नई स्ट्रीट लाइट लगाई जाएं तथा लंबे समय से खराब पड़ी लाइटों की तत्काल मरम्मत कराई जाए।
एक माह का अल्टीमेटम
आम आदमी पार्टी ने प्रशासन को एक माह का समय देते हुए कहा है कि यदि निर्धारित अवधि में स्ट्रीट लाइट लगाने और खराब लाइटों की मरम्मत को लेकर ठोस कार्रवाई शुरू नहीं की गई, तो पार्टी ग्रामीणों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से बड़ा आंदोलन करेगी। पार्टी ने आंदोलन की स्थिति में इसकी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन की होने की बात कही है।
आप के इस ज्ञापन के बाद अब देखना होगा कि जिला प्रशासन ग्रामीण क्षेत्रों में प्रकाश व्यवस्था को लेकर कितनी जल्द कार्रवाई करता है। ग्रामीणों की सुरक्षा और रात के समय सुगम आवागमन के लिए स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की मांग ने स्थानीय स्तर पर प्रशासन के सामने एक महत्वपूर्ण मुद्दा खड़ा कर दिया है।
सुकमा की सभी ग्राम पंचायतों में स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग, आप ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
Leave a comment


