छत्तीसगढ़:– में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई से मंगलवार सुबह राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यकाल में उनके निजी सहायक (PA) रहे केके चंद्रवंशी के पुरानी भिलाई स्थित आवास पर ईडी की टीम ने सुबह करीब 6 बजे दबिश दी।
जानकारी के मुताबिक, करीब दो से तीन वाहनों में पहुंची ईडी की टीम में लगभग 8 अधिकारी शामिल हैं। टीम द्वारा केके चंद्रवंशी के आवास के अंदर दस्तावेजों और अन्य जरूरी रिकॉर्ड की बारीकी से जांच की जा रही है। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रखी गई है।

केके चंद्रवंशी पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ लंबे समय तक निजी सहायक के रूप में कार्यरत रहे हैं। बताया जाता है कि वे पूर्व में भूपेश बघेल के विधानसभा क्षेत्र पाटन की नगर पंचायत में महत्वपूर्ण पद पर कार्यरत थे। उनके सेवानिवृत्ति के समय कार्यकाल बढ़ाए जाने के बाद वे मुख्यमंत्री कार्यालय में भी अपनी सेवाएं देते रहे।
फिलहाल ईडी की टीम आवास में जांच-पड़ताल में जुटी हुई है। जांच किस मामले से संबंधित है और तलाशी के दौरान क्या-क्या सामने आया है, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। हालांकि कुछ मीडिया रिपोर्टों में इस कार्रवाई को कथित CGPSC मामले से जोड़कर बताया जा रहा है, लेकिन अंतिम स्थिति ईडी की आधिकारिक जानकारी के बाद ही स्पष्ट होगी।
ईडी की कार्रवाई जारी है और अब सबकी नजर इस बात पर है कि जांच पूरी होने के बाद एजेंसी की ओर से क्या जानकारी सामने आती है।


