सूरजपुर, 25 अगस्त 2026। जिले में प्रशासनिक व्यवस्थाओं और शासकीय योजनाओं की जमीनी हकीकत परखने कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने मंगलवार को सुबह से शाम तक सघन मैदानी दौरा किया। नयनपुर के औद्योगिक क्षेत्र से लेकर भैयाथान के शासकीय कार्यालयों, स्वास्थ्य केंद्र, ग्राम पंचायत तरका और ओड़गी के एकलव्य विद्यालय एवं छात्रावास तक पहुंचकर उन्होंने व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दौरे की शुरुआत नयनपुर स्थित औद्योगिक क्षेत्र से हुई। कलेक्टर ने यहां 10 मेगावाट पावर प्लांट, सरिया निर्माण यूनिट एवं ब्रेड निर्माण इकाई का निरीक्षण किया। उन्होंने पावर प्लांट की कार्यप्रणाली, मशीनरी एवं कच्चे माल की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। सरिया निर्माण इकाई में उत्पादन प्रक्रिया का जायजा लिया, जबकि ब्रेड निर्माण इकाई में मशीनरी, उत्पादन लागत, आपूर्ति व्यवस्था और स्थानीय स्तर पर रोजगार की संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने खाद्य निर्माण में स्वच्छता के निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद कलेक्टर भैयाथान पहुंचीं, जहां उन्होंने तहसील एवं अनुविभागीय कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने कंप्यूटर सिस्टम पर लंबित प्रकरणों की स्थिति स्वयं देखी और विभिन्न फाइलों की जांच की। प्रकरणों के निराकरण की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने अधिकारियों को समय-सीमा में लंबित मामलों का निराकरण सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।




खाद्य एवं दाण्डिक शाखा, नकल शाखा तथा अभिलेखागार का निरीक्षण करते हुए उन्होंने प्राप्त आवेदनों और पंजी की स्थिति देखी। कार्यालय पहुंचे आम नागरिकों से सीधे बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। तहसील न्यायालय में आरबीसी 6-4 के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराने, जन्म प्रमाण पत्र जारी करने और आधार पंजीयन में निर्धारित शुल्क का ही पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनपद कार्यालय में उपस्थिति पंजी का अवलोकन करने के बाद कलेक्टर ने छत्तीसगढ़ स्वान कार्यालय, प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान तथा विकसित भारत जी रामजी योजना के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधूरे आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने और हितग्राहियों को समय पर किश्त जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यालय परिसर में स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। शासकीय उचित मूल्य दुकान में स्टॉक का मिलान कर उन्होंने राशन वितरण व्यवस्था में पूर्ण पारदर्शिता बरतने की हिदायत दी।
भैयाथान स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मरीजों से सीधे बातचीत कर स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। बच्चों के पोषण एवं उपचार की स्थिति का जायजा लिया और शिशुवती माताओं से आत्मीय चर्चा की। उन्होंने चिकित्सा अमले को निर्देशित किया कि माताओं को शिशु देखभाल एवं पोषण संबंधी जरूरी जानकारी व्यवहारिक तरीके से उपलब्ध कराई जाए।
ग्राम पंचायत तरका में जल संचय से जुड़े कार्यों का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने किए गए प्रयासों की सराहना की। उन्होंने भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए जल संरक्षण के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने और स्थानीय स्तर पर नवाचार को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।
दौरे के अंतिम चरण में कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ओड़गी स्थित एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल पहुंचीं। उन्होंने विद्यार्थियों की दर्ज संख्या, शैक्षणिक एवं अन्य गतिविधियों की जानकारी ली और विद्यार्थियों से खेलकूद को लेकर संवाद किया। विद्यार्थियों ने बताया कि विद्यालय में खेल गतिविधियों के साथ योग भी नियमित रूप से कराया जाता है। इसके बाद उन्होंने एकलव्य आवासीय बालिका छात्रावास एवं रसोई का निरीक्षण किया और छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर के इस पूरे मैदानी दौरे में स्पष्ट रहा कि प्रशासनिक निरीक्षण केवल कार्यालयों तक सीमित न रहकर योजनाओं, सेवाओं और व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति तक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विजेन्द्र सिंह पाटले, एसडीएम श्रीमती चांदनी कंवर, महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री शुभम बंसल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


