एनएच से कासापारा तक बनेगी नई सड़क, शिक्षा-स्वास्थ्य और व्यापार को मिलेगा सीधा लाभ..
सूरजपुर, 31 मार्च 2026
भटगांव विधानसभा क्षेत्र के ग्राम जयनगर में सोमवार को विकास की नई इबारत लिखी गई। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने जयनगर एनएच से कासापारा तक बनने वाली 3 करोड़ 80 लाख 15 हजार रुपये की लागत की सड़क का विधिवत पूजा-अर्चना कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को उत्साहपूर्ण बना दिया।
यह सड़क निर्माण केवल एक परियोजना नहीं, बल्कि क्षेत्रीय विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का मजबूत संदेश माना जा रहा है। भूमिपूजन कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ ने शासन और जनता के बीच विश्वास की मजबूत डोर को भी दर्शाया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन और विकास का कार्य लगातार धरातल पर दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचाना है और जयनगर से कासापारा तक बनने वाली यह सड़क उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

मंत्री ने कहा कि बेहतर सड़कें केवल आवागमन को सुगम नहीं बनातीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध कराती हैं। इस सड़क के बनने से क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है, जिससे ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में श्री हरीश राजवाड़े, श्री देवधन बिंझिया, श्री अशोक अग्रवाल, श्री रितेश जायसवाल, जनपद सदस्य श्रीमती धनेश्वरी सिरदार, सरपंच श्रीमती राधा सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी जताते हुए इसे क्षेत्र के लिए विकास का बड़ा तोहफा बताया।


