अपराध नियंत्रण पर विशेष बैठक के साथ पुलिसकर्मी का मनाया गया जन्मदिन, भाईचारे और जनसहयोग का दिखा संदेश…
सूरजपुर/भटगांव
सूरजपुर जिले के भटगांव थाना परिसर में शुक्रवार को एक ऐसा दृश्य देखने को मिला, जहां एक ओर अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था और जनसहयोग को लेकर ग्रामीण जनप्रतिनिधियों के साथ गंभीर चर्चा हुई, वहीं दूसरी ओर कड़ी ड्यूटी और जिम्मेदारियों के बीच पुलिस परिवार के बीच अपनापन, भाईचारा और खुशियों का माहौल भी दिखाई दिया।
ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बढ़ते अपराधों की पृष्ठभूमि में आयोजित इस विशेष बैठक में पुलिस और ग्रामीण जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम सूरजपुर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं डीआईजी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर आयोजित किया गया, जिसमें भटगांव थाना प्रभारी मनोज सिंह ने थाना क्षेत्र के लगभग 25 ग्राम पंचायतों के सरपंचों एवं ग्रामीण जनप्रतिनिधियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया।
बैठक को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी मनोज सिंह ने कहा कि अपराध रोकने की जिम्मेदारी केवल पुलिस की नहीं है, बल्कि समाज के जिम्मेदार लोगों की सक्रिय भागीदारी भी उतनी ही जरूरी है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाली हर छोटी-बड़ी गतिविधि की जानकारी जनप्रतिनिधियों को होनी चाहिए, ताकि समय रहते अपराधों पर रोक लगाई जा सके।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरकार और पुलिस प्रशासन की मंशा है कि कोई भी अपराधी बचने न पाए और किसी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय न हो। इसके लिए पुलिस और जनता के बीच मजबूत तालमेल बेहद जरूरी है।
बैठक के दौरान थाना प्रभारी ने नए आपराधिक कानून भारतीय न्याय संहिता (BNS) के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान कानून व्यवस्था पूरी पारदर्शिता के साथ कार्य कर रही है और पुलिस को ग्रामीणों तथा जनप्रतिनिधियों के सहयोग की आवश्यकता है।
थाना प्रभारी ने राह वीर योजना, सड़क सुरक्षा और साइबर अपराध जैसे विषयों पर भी जागरूकता फैलाते हुए लोगों से शराब पीकर वाहन नहीं चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि गांवों में यदि कोई संदिग्ध गतिविधि, साइबर फ्रॉड, नशे का अवैध कारोबार या असामाजिक गतिविधियां संचालित हो रही हों तो उसकी जानकारी तत्काल पुलिस को दी जानी चाहिए।

उन्होंने बच्चों और महिलाओं के उत्पीड़न जैसे संवेदनशील मामलों पर विशेष गंभीरता दिखाने की अपील करते हुए कहा कि समाज के जिम्मेदार लोगों को ऐसे मामलों में आगे आकर पुलिस की मदद करनी चाहिए, ताकि समय रहते अपराधों को रोका जा सके।
बैठक में पेसा कानून को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। थाना प्रभारी ने बताया कि सरकार ने ग्राम सरकारों को कई महत्वपूर्ण अधिकार दिए हैं, जिनका उपयोग गांवों में स्वच्छ, सुरक्षित और अपराधमुक्त वातावरण बनाने में किया जा सकता है अपराध नियंत्रण को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बैठक के दौरान पुलिस और जनप्रतिनिधियों के बीच त्वरित सूचना आदान-प्रदान के लिए एक विशेष सोशल मीडिया ग्रुप भी तैयार किया गया।
इसी दौरान भटगांव थाना परिसर में एक भावुक और सकारात्मक माहौल भी देखने को मिला, जब पुलिसकर्मी रजनीश कुमार सिंह का जन्मदिन सादगी और उत्साह के साथ मनाया गया।
कड़ी ड्यूटी और लगातार जिम्मेदारियों के बीच पुलिसकर्मियों ने कुछ पल निकालकर केक काटा और एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा कीं। थाना परिसर में अपनापन, भाईचारा और सकारात्मक ऊर्जा का माहौल साफ दिखाई दिया।

इस अवसर पर थाना प्रभारी मनोज सिंह ने कहा कि पुलिसकर्मियों का जीवन पूरी तरह कर्तव्य के प्रति समर्पित होता है। हर त्योहार और विशेष अवसर पर जब आम लोग अपने परिवार के साथ समय बिताते हैं, तब पुलिस जवान कानून व्यवस्था बनाए रखने में जुटे रहते हैं। ऐसे छोटे-छोटे आयोजन पुलिसकर्मियों के मनोबल को मजबूत करने के साथ-साथ आपसी तालमेल और भाईचारे को भी बढ़ाते हैं।
उन्होंने कहा कि खुशियां ढूंढने के लिए कहीं बाहर जाने की जरूरत नहीं होती, बल्कि छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयासों से कार्यस्थल पर भी परिवार जैसा माहौल बनाया जा सकता है।
भटगांव थाना परिसर में आयोजित यह कार्यक्रम केवल एक औपचारिक बैठक या जन्मदिन समारोह नहीं रहा, बल्कि यह पुलिस और समाज के बीच विश्वास, सहभागिता, भाईचारे और सामूहिक जिम्मेदारी का मजबूत संदेश बनकर सामने आया। कार्यक्रम में थाना क्षेत्र के लगभग 25 ग्राम पंचायतों के सरपंच, ग्रामीण जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


