35 वर्षों की समाजसेवा को मिली राष्ट्रीय पहचान, दिल्ली में आयोजित अंतरराष्ट्रीय समारोह में मिला सम्मान; सूरजपुर जिले और छत्तीसगढ़ में हर्ष का माहौल।
बिश्रामपुर:– समाज सेवा और मानव कल्याण के क्षेत्र में पिछले 35 वर्षों से निरंतर समर्पित होकर कार्य कर रहे बिश्रामपुर क्षेत्र के प्रतिष्ठित समाजसेवी विजयराज अग्रवाल को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। उन्हें प्रतिष्ठित ‘महाराजा अग्रसेन ग्लोबल आईकॉन राष्ट्रीय अवार्ड 2026’ से सम्मानित किया गया है। देश की राजधानी नई दिल्ली में आयोजित भव्य अंतरराष्ट्रीय समारोह में मिले इस सम्मान से बिश्रामपुर सहित पूरे सूरजपुर जिले और छत्तीसगढ़ के अग्रवाल समाज में हर्ष और गौरव का माहौल है।
अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के तत्वावधान में 14 नवंबर 2026 को नई दिल्ली के जनपथ स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में ‘अंतर्राष्ट्रीय अग्र अलंकरण समारोह 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय चेयरमैन प्रदीप मित्तल, हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलभूषण मित्तल सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इसी मंच पर विजयराज अग्रवाल को उनके उत्कृष्ट सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
दिव्यांगजनों के उत्थान से लेकर महिला सशक्तिकरण तक उल्लेखनीय योगदान।
विजयराज अग्रवाल का सामाजिक जीवन सेवा, समर्पण और मानव कल्याण की भावना का प्रेरक उदाहरण रहा है। वे पिछले लगभग 35 वर्षों से दिव्यांगजनों की शिक्षा, व्यावसायिक प्रशिक्षण तथा सामाजिक एवं आर्थिक पुनर्वास के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। इसके साथ ही महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों के सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति, स्वास्थ्य जागरूकता, कला एवं संस्कृति के संरक्षण जैसे क्षेत्रों में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही है।
उन्होंने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और बाल विवाह उन्मूलन जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक अभियानों को भी अपने सेवा कार्यों का हिस्सा बनाया है। समाज के जरूरतमंद और वंचित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में उनके निरंतर प्रयासों ने एक अलग पहचान स्थापित की है।
युवाओं के लिए बने प्रेरणास्रोत…
समारोह में विजयराज अग्रवाल के नाम की घोषणा के साथ ही उनकी लंबी सामाजिक सेवा यात्रा और उल्लेखनीय उपलब्धियों का परिचय मंच से दिया गया। निर्णायक मंडल ने उनके कार्यों, उपलब्धियों, सामाजिक योगदान और विशिष्ट पहचान का मूल्यांकन करने के बाद उनका चयन किया। यह सम्मान केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि समाज के प्रति वर्षों से किए जा रहे निस्वार्थ सेवा कार्यों की राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान है।
इस आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों के साथ अमेरिका, जापान, थाईलैंड, सिंगापुर, नेपाल, हांगकांग, यूएई, इंडोनेशिया और मैनचेस्टर सहित विदेशों से आए सामाजिक प्रतिनिधियों, उद्योगपतियों एवं अग्रवाल समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम को परम पूज्य गीता मनीषी महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज का पावन आशीर्वाद एवं सान्निध्य भी प्राप्त हुआ।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी विजयराज अग्रवाल को अंतर्राष्ट्रीय अग्रवाल सम्मेलन द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर ‘अग्र गौरव पुरस्कार’ से सम्मानित किया जा चुका है। लगातार मिल रहे सम्मान उनके वर्षों के समर्पण और समाज के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
बिश्रामपुर से दिल्ली तक गूंजा समाजसेवा का सम्मान।
विजयराज अग्रवाल को राष्ट्रीय स्तर पर मिले इस प्रतिष्ठित सम्मान की खबर सामने आते ही बिश्रामपुर अंचल, सूरजपुर जिले और छत्तीसगढ़ के अग्रवाल समाज में खुशी की लहर है। विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों, समाज के पदाधिकारियों और नगर के प्रबुद्ध नागरिकों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।
निश्चित ही विजयराज अग्रवाल की यह उपलब्धि समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय लोगों के साथ-साथ युवा पीढ़ी के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। उनका जीवन यह संदेश देता है कि सच्ची सेवा, निरंतर समर्पण और मानव कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता से स्थानीय स्तर पर किया गया कार्य भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान हासिल कर सकता है।
बिश्रामपुर के विजयराज अग्रवाल को राष्ट्रीय मंच पर मिला सम्मान, ‘महाराजा अग्रसेन ग्लोबल आईकॉन अवार्ड 2026’ से हुए सम्मानित।
Leave a comment


