14 घन मीटर अवैध रेत का परिवहन करते पकड़े गए वाहन, भटगांव थाना में किए गए सुपुर्द।
सूरजपुर:– 26 नवंबर 2026। जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में बंशीपुर और आसपास के क्षेत्रों में विभागीय टीम ने दबिश देकर अवैध रेत परिवहन में लगे दो टिपर वाहनों को जब्त किया है। दोनों वाहनों में कुल 14 घन मीटर अवैध रेत का परिवहन किया जा रहा था।
जानकारी के अनुसार, 24 नवंबर 2026 को खनिज शाखा विभाग, राजस्व अमले एवं जिला स्तरीय टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने बंशीपुर क्षेत्र में जांच अभियान चलाया। इस दौरान दो टिपर वाहनों को अवैध रूप से रेत का परिवहन करते हुए पकड़ा गया। कार्रवाई के बाद दोनों वाहनों को नियमानुसार जब्त कर पुलिस थाना भटगांव के सुपुर्द किया गया है।

अवैध खनिज कारोबार पर लगातार रहेगी नजर।
खनिज विभाग द्वारा जिले में पत्थर, गिट्टी, मुरूम, मिट्टी, ईंट और रेत सहित अन्य खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहनों एवं मशीनरी को जब्त कर प्रकरण दर्ज किया जा रहा है। साथ ही नियमानुसार अर्थदंड की वसूली भी की जा रही है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में खनिज संपदा के अवैध दोहन और परिवहन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में आगे भी लगातार जांच और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
अब देखना होगा कि इस कार्रवाई के बाद जिले में अवैध रेत परिवहन पर कितना अंकुश लग पाता है।


