सूरजपुर, 22 अप्रैल 2026
जिले के सलका-उमेश्वरपुर चौकी क्षेत्र में एक अज्ञात महिला की संदिग्ध हालात में मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने मृतिका की शिनाख्त के लिए आम जनता से मदद की अपील की है।
जानकारी के अनुसार, 20 अप्रैल 2026 की रात करीब 8 बजे पार्वतीपुर निवासी महेश सिंह के घर के पास एक नव-निर्माणाधीन मकान में एक महिला बेसुध हालत में पड़ी मिली। आसपास के लोगों द्वारा पूछताछ करने पर महिला अपनी पहचान नहीं बता सकी। स्थिति गंभीर होने पर तत्काल 108 एंबुलेंस के माध्यम से उसे इलाज के लिए प्रेमनगर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतिका की उम्र करीब 54 वर्ष बताई जा रही है। उसका हुलिया सांवला रंग, लंबा चेहरा, आधे सफेद बाल बताया गया है। वह लाल रंग की साड़ी और लाल-नीले रंग का स्कार्फ पहने हुई थी तथा पैरों में काले रंग की प्लास्टिक चप्पल थी।
इस मामले में थाना प्रेमनगर में मर्ग क्रमांक 35/26 दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव को सीएचसी प्रेमनगर के मर्चुरी कक्ष में सुरक्षित रखा गया है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई इस महिला के बारे में जानकारी रखता हो, तो तत्काल चौकी प्रभारी सलका-उमेश्वरपुर (मो. 9131450928) से संपर्क करें, ताकि मृतिका की पहचान हो सके और आगे की कार्रवाई पूरी की जा सके।
“सूरजपुर में मिली अज्ञात महिला की लाश, 54 वर्षीय मृतिका की पहचान के लिए पुलिस की अपील”
Leave a comment


