आंगनबाड़ी केंद्र तरका-ब में कलेक्टर का सहज अंदाज बना आकर्षण, बच्चों ने सुनाई हिंदी-अंग्रेजी वर्णमाला
सूरजपुर, 25 अगस्त 2026:–भैयाथान विकासखंड की ग्राम पंचायत तरका स्थित नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र तरका-ब में मंगलवार को उस समय माहौल खुशनुमा हो गया, जब कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने प्रशासनिक औपचारिकताओं से अलग हटकर बच्चों के बीच बैठकर उनसे आत्मीय संवाद किया। कलेक्टर ने बच्चों के साथ दर्री पर बैठकर उनकी बातें सुनीं और अपने हाथों से चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साह बढ़ाया। कलेक्टर का यह सहज और अपनत्व भरा अंदाज बच्चों को खूब पसंद आया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बच्चों से उनकी पढ़ाई, खेलकूद और आंगनबाड़ी केंद्र में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में बातचीत की। उनके आग्रह पर नन्हे-मुन्नों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ हिंदी एवं अंग्रेजी वर्णमाला सुनाई। बच्चों की शानदार प्रस्तुति पर कलेक्टर सहित मौजूद अधिकारियों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
पोषण और स्वास्थ्य व्यवस्था की भी ली जानकारी
कलेक्टर श्रीमती जमील ने निरीक्षण के दौरान एक बच्चे का वजन कराकर उसके पोषण स्तर की जानकारी ली। उन्होंने पोषण ट्रैकर एप का अवलोकन करते हुए बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं आंगनबाड़ी की गतिविधियों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चों को सीखने के लिए ऐसा वातावरण उपलब्ध कराया जाए, जिसमें पढ़ाई के साथ खेल और गतिविधियों के माध्यम से उनका सर्वांगीण विकास हो।


उन्होंने पोषण संबंधी गतिविधियों को प्रभावी तरीके से संचालित करने तथा बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण पर निरंतर निगरानी रखने पर भी जोर दिया।
“फिर आइएगा मैडम…” बच्चों ने किया दोबारा आने का आग्रह
कलेक्टर से बातचीत के दौरान बच्चे बेहद उत्साहित नजर आए। आत्मीय संवाद के बाद नन्हे-मुन्नों ने कलेक्टर से दोबारा आंगनबाड़ी केंद्र आने का आग्रह किया। बच्चों की आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुति और उत्साह से प्रसन्न होकर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विजेन्द्र सिंह पाटले ने बच्चों को सामूहिक रूप से पुरस्कृत किया।
इस दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री शुभम बंसल सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर का बच्चों के बीच बैठकर संवाद करने और उनकी छोटी-छोटी बातों को ध्यानपूर्वक सुनने का यह अंदाज पूरे निरीक्षण का खास आकर्षण रहा।


