बलरामपुर, 22 अप्रैल 2026
देर रात बारात में तेज आवाज में डीजे बजाना संचालकों को भारी पड़ गया। कोतवाली बलरामपुर पुलिस ने कोलाहल अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए डीजे सिस्टम और उसे ले जा रहे पिकअप वाहन को जब्त कर लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के जुड़निया पारा में श्यामाचरण यादव के घर राजपुर क्षेत्र से बारात आई हुई थी। इस दौरान रात करीब 11:30 बजे बिना किसी वैध अनुमति के तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था, जिससे आसपास के क्षेत्र में शोर-शराबा और असुविधा की स्थिति उत्पन्न हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान पाया कि चंद्र कुमार रजक और जय कुमार रजक, दोनों निवासी ग्राम कुन्दी खुर्द, थाना राजपुर, बिना अनुमति डीजे संचालन कर रहे थे।

पुलिस ने इसे कोलाहल अधिनियम की धारा 3, 4, 5(1)/15 के तहत दंडनीय अपराध मानते हुए तत्काल कार्रवाई की। मौके से घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन क्रमांक UP64AT0574 तथा डीजे सिस्टम को जब्त कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि रात के समय बिना अनुमति तेज ध्वनि में डीजे बजाने वालों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि आम नागरिकों को शांति और सुरक्षा का वातावरण मिल सके।


