सरगुजा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कई खातों में ट्रांसफर हुई ठगी की रकम, मोबाइल और बैंक डाटा जब्त..
अंबिकापुर, 30 मार्च
सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र में साइबर ठगी से अर्जित रकम की हेराफेरी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ा खुलासा किया है। आरोपी बैंक खातों की खरीद-बिक्री कर ऑनलाइन फ्रॉड की रकम को इधर-उधर ट्रांसफर कर निकालते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, बैंक खातों और लेन-देन से जुड़ा महत्वपूर्ण डाटा जब्त किया है।
डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में गांधीनगर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई करते हुए ऋत्विक सिंह, अमन कुमार गुप्ता और पियुष तिवारी को गिरफ्तार किया है। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, गांधीनगर निवासी शौर्य प्रताप ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका परिचित ऋत्विक सिंह, जो पहले डेयरी और चाय दुकान चलाता था, दिसंबर 2024 में उसके घर पहुंचा और बैंक खाता काम नहीं करने का बहाना बनाकर 48,500 रुपये उसके खाते में मंगवाए। इसके बाद एटीएम लेकर रकम निकाल ली। कुछ दिन बाद जब खाता होल्ड हुआ तो जांच में पता चला कि खाते में साइबर ठगी से जुड़ी रकम का लेन-देन हुआ था।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि ऋत्विक सिंह अपने साथी अमन गुप्ता के साथ मिलकर कई लोगों के खातों का इसी तरह इस्तेमाल कर रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जब ऑनलाइन पोर्टल पर ट्रांजेक्शन की जांच की तो संबंधित खातों में कई साइबर शिकायतों से जुड़ी रकम ट्रांसफर होना पाया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे फ्रॉड की रकम को खपाने के लिए अपने और अन्य लोगों के बैंक खातों की खरीद-बिक्री करते थे। आरोपी ऋत्विक ने अपने तीन खाते, शिकायतकर्ता का खाता और अमन गुप्ता ने अपना करेंट अकाउंट व सिम अन्य आरोपियों को उपलब्ध कराया था। वहीं पियुष तिवारी के खाते में भी कई ऑनलाइन शिकायतों की रकम ट्रांसफर कर नकदी निकाली गई।
पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल से बैंक खातों और रकम के लेन-देन का डिजिटल डाटा सुरक्षित कर जब्त किया है। मामले में बीएनएस की धारा 318(4), 317(4) और 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना गांधीनगर के उप निरीक्षक दिलीप दुबे, साइबर सेल प्रभारी एएसआई अजीत मिश्रा सहित पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही।


