सूरजपुर 01 जून 2026 नगर पंचायत शिवनन्दनपुर के आम निर्वाचन 2026 तथा त्रिस्तरीय पंचायतों के उप निर्वाचन 2026 के लिए सभी निर्धारित मतदान केन्द्रों में मतदान शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। नगर पंचायत शिवनन्दनपुर के 15 वार्डों में अध्यक्ष एवं पार्षद पदों के लिए मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
वहीं त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन के अंतर्गत विकासखण्ड सूरजपुर की ग्राम पंचायत सिलफिली में पंच पद के लिए वार्ड क्रमांक 17 तथा अनुजनगर में पंच पद के लिए वार्ड क्रमांक 07 एवं 12 में मतदान कराया गया, जहां मतदाताओं ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विकासखण्ड भैयाथान की ग्राम पंचायत चुनगड़ी एवं लक्ष्मीपुर में जनपद पंचायत सदस्य पद के लिए मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। विकासखण्ड रामानुजनगर की ग्राम पंचायत परसापारा में सरपंच पद तथा सुमेरपुर में सरपंच एवं पंच पद के लिए मतदान कराया गया। इसके अलावा अक्षयपुर, सेन्दुरी एवं परशुरामपुर में जनपद पंचायत सदस्य पद हेतु भी मतदान संपन्न हुआ। विकासखण्ड प्रतापपुर की ग्राम पंचायत पहाड़करवां में सरपंच पद के लिए मतदान आयोजित किया गया, जहां मतदाताओं ने उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया। त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन के अंतर्गत कुल 02 जनपद पंचायत सदस्य, 03 सरपंच तथा 06 पंचों के लिए मतदान संपन्न कराया गया।


सभी पात्र मतदाताओं ने मतदान की प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जहां युवा मतदाताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला, वहीं बुजुर्ग मतदाता भी स्वेच्छा से अपने मताधिकार का प्रयोग करने मतदान केन्द्रों तक पहुंचे, जो लोकतंत्र के प्रति आमजन की गहरी आस्था का परिचायक रहा।
नगर पंचायत एवं त्रिस्तरीय पंचायत के आम/उप निर्वाचन अंतर्गत संबंधित क्षेत्रों में मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से संपादित हो रही है अथवा नहीं, इस हेतु सूरजपुर जिले के लिए निर्धारित किए गए सामान्य प्रेक्षक श्री विनय कुमार अग्रवाल द्वारा तय मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया गया तथा शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने हेतु संबंधितों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मतदान केन्द्रों पर प्रशासनिक अधिकारियों ने लगातार निगरानी रखी। इस अवसर पर एसडीएम श्रीमती शिवानी जायसवाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।
प्राप्त अंतिम जानकारी के अनुसार नगर पंचायत शिवनंदनपुर अंतर्गत कुल 3952 (85.13 प्रतिशत) पात्र मतदाताओ ंद्वारा अपने मताधिकार का प्रयोग किया गया। जिसमें 1991 (85.26 प्रतिशत) पुरूष मतदाता रहें वहीं 1961 (85 प्रतिशत) महिला मतदाता ने अपनी सहभागिता प्रस्तुत की। इसी प्रकार त्रिस्तरीय पंचायत अंतर्गत विकासखण्ड सूरजपुर का मतदान प्रतिशत 84.47 (पुरूष प्रतिशत 84.73 व महिला प्रतिशत 84.21) , भैयाथान का मतदान प्रतिशत 56.85 (पुरूष प्रतिशत 60.02 व महिला प्रतिशत 53.53) , प्रतापपुर का मतदान प्रतिशत 92.02 (पुरूष प्रतिशत 90.79 व महिला प्रतिशत 93.25) एवं रामानुजनगर का मतदान प्रतिशत 83.46 (पुरूष प्रतिशत 84.45 व महिला प्रतिशत 82.46) रहा अर्थात चारों विकासखण्ड अंतर्गत संपादित होने वाले 02 जनपद पंचायत सदस्य, 03 सरपंच तथा 06 पंचों के लिए मतदान का कुल प्रतिशत 73.41 रहा, जिसमें 75.04 पुरूष मतदाता व 71.73 महिला मतदाताओं द्वारा अपनी सहभागिता प्रस्तुत की।
मतदान संपन्न होने पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती रेना जमील द्वारा सम्बंधित क्षेत्र के समस्त मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में नागरिकों की सक्रिय एवं उत्साहपूर्ण भागीदारी तथा सभी के समन्वित प्रयासों से ही मतदान की प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सका।


