बैकुंठपुर/कटोरा:– सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के माध्यम से भाजपा महिला कार्यकर्ताओं द्वारा क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंचकर पोषण माह को उत्साह और सेवा भावना के साथ मनाया जा रहा है। अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में पहुंचकर लाभार्थियों, गर्भवती महिलाओं तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का सम्मान किया जा रहा है।
इसी क्रम में आंगनबाड़ी केंद्र महोरा एवं आंगनबाड़ी केंद्र कटोरा में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केंद्र की सुपरवाइजर, कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं के साथ भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुईं। इस दौरान पोषण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा आंगनबाड़ी सेवाओं के महत्व को लेकर जागरूकता का संदेश भी दिया गया।

कार्यक्रम में भाजपा नेत्री ममता कुशवाहा, महिला मोर्चा की महामंत्री, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष श्रीमती रीता यादव, सीमा साहू, शीतल साहू, महोरा ग्राम पंचायत के सरपंच एवं सरपंच संघ के जिला अध्यक्ष मुकेश सिंह तथा कटोरा की सरपंच अनिता सिंह (कोरिया) सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
जिला सह मीडिया प्रभारी एवं आरटीआई प्रकोष्ठ प्रभारी वर्षा साहू ने बताया कि आंगन मिलन सेवा का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़ी महिलाओं और बच्चों तक पहुंच बनाकर पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के योगदान को सम्मान देना है। उन्होंने कहा कि पूरे अभियान के दौरान विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में पहुंचकर सेवा एवं सम्मान की गतिविधियां जारी रहेंगी।
पोषण माह के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों से आंगनबाड़ी केंद्रों में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिल रहा है और महिला कार्यकर्ताओं द्वारा सेवा, सम्मान एवं जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।


