सूरजपुर:– जिले के बहुचर्चित प्रधान आरक्षक उदय सिंह की पत्नी और नाबालिग बेटी की हत्या के मामले में फास्ट ट्रैक कोर्ट ने अहम फैसला सुनाया है। अदालत में हुई सुनवाई के बाद सामने आई जानकारी के अनुसार, डबल मर्डर मामले में चार आरोपियों को हत्या का दोषी ठहराया गया है। अब दोषियों को कितनी सजा दी जाएगी, इस पर 8 अक्टूबर को सुनवाई होगी।
इसी मामले से जुड़े प्रधान आरक्षक उदय सिंह के ऊपर वाहन चढ़ाकर जान से मारने के प्रयास के प्रकरण में आरोपी कुलदीप साहू को फास्ट ट्रैक कोर्ट ने 10 वर्ष के कारावास की सजा सुनाई है।
13 अक्टूबर 2024 की रात हुई थी वारदात……
13 अक्टूबर 2024 की रात हुई इस वारदात से सूरजपुर में सनसनी फैल गई थी। प्रधान आरक्षक उदय सिंह की पत्नी और उनकी नाबालिग बेटी की हत्या के बाद पूरे शहर में आक्रोश का माहौल बन गया था। घटना के बाद आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध-प्रदर्शन भी हुए थे। इसी दौरान प्रधान आरक्षक उदय सिंह के ऊपर वाहन चढ़ाकर जान से मारने के प्रयास का मामला भी सामने आया था।
अदालत परिसर में जुटी लोगों की भीड़……

बहुचर्चित मामले में अदालत की कार्रवाई और फैसले की जानकारी लेने बड़ी संख्या में लोग कोर्ट परिसर पहुंचे। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस की ओर से सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए गए थे। कोर्ट परिसर में भारी पुलिस बल तैनात रहा।
कोर्ट से बाहर निकला कुलदीप, कैमरे में कैद हुआ अंदाज……
अदालत की कार्रवाई के बाद मुख्य आरोपी कुलदीप साहू को जब पुलिस सुरक्षा के बीच कोर्ट से बाहर लाया गया, उस दौरान वह कैमरे की ओर देखता और मुस्कुराता नजर आया। मौके पर मौजूद लोगों और मीडिया के कैमरों में उसका यह अंदाज कैद हुआ। वीडियो बनाए जाने को लेकर भी वह कैमरे के सामने प्रतिक्रिया देता दिखाई दिया।
अब 8 अक्टूबर पर टिकी निगाहें……
डबल मर्डर मामले में चार आरोपियों को दोषी ठहराए जाने के बाद अब अगली महत्वपूर्ण तारीख 8 अक्टूबर है। इसी दिन अदालत दोषियों की सजा के संबंध में सुनवाई करेगी। ऐसे में अब सभी की निगाहें 8 अक्टूबर को होने वाली सुनवाई पर टिकी हैं।


