सरगुजा:– जिले के बतौली थाना क्षेत्र में युवती के साथ दैहिक शोषण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को रिपोर्ट दर्ज होने के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता की पहचान वर्ष 2022 में फेसबुक के माध्यम से विक्रम सिंह निवासी गहिला (गौटियापारा), थाना बतौली से हुई थी। सोशल मीडिया पर शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। आरोप है कि 05 अक्टूबर 2022 को आरोपी युवती के घर पहुंचा और शादी कर पत्नी बनाकर रखने का झांसा देकर उसे अपने साथ ले गया, जहां उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाया।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने शादी का भरोसा देकर वर्ष 2022 से 2025 तक कई बार उसके साथ संबंध बनाए। इसी दौरान मई 2025 में युवती गर्भवती हो गई, लेकिन आरोपी ने दवा खिलाकर उसका गर्भपात करा दिया। इसके बाद वर्ष 2026 में आरोपी ने युवती से बातचीत बंद कर शादी से साफ इंकार कर दिया।
पीड़िता की शिकायत पर थाना बतौली में अपराध क्रमांक 57/2026 के तहत धारा 64(2)(एम), 69 एवं 88 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस पूछताछ में आरोपी विक्रम सिंह ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
बतौली पुलिस ने आरोपी विक्रम सिंह पिता पन्न सिंह उम्र 22 वर्ष निवासी गहिला (गौटियापारा) को गिरफ्तार कर डॉक्टरी परीक्षण के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पूरे मामले की कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक सेंगर, सहायक उप निरीक्षक संजय गुप्ता, आरक्षक राजेश खलखो, राकेश एक्का एवं महिला आरक्षक मेविश खाखा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


