सरगुजा:– जिले के बतौली थाना क्षेत्र में शराब पीकर मोटरसाइकिल चलाने वाले युवक पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए न्यायालय से ₹10 हजार का अर्थदंड दिलाया है। यातायात नियमों की अनदेखी और नशे में वाहन चलाने पर यह कार्रवाई इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार 04 मई 2026 को केनपरा बगीचा रोड पर बतौली पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान हीरो HF डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG15DW 5518 का चालक संदिग्ध हालत में वाहन चलाते हुए दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रोकने का संकेत देने के बावजूद चालक नहीं रुका।

पुलिस ने पीछा कर वाहन चालक को पकड़ा, जहां जांच में वह शराब के नशे में पाया गया। आरोपी की पहचान राजेश यादव पिता गणेश यादव उम्र 24 वर्ष निवासी गायबुड़ा थाना बगीचा जिला जशपुर के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी का डॉक्टरी परीक्षण कराया, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि हुई।
इसके बाद पुलिस ने मोटरसाइकिल जप्त कर आरोपी के विरुद्ध धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में प्रस्तुत किया। मामले की सुनवाई के बाद माननीय न्यायालय ने 07 मई 2026 को आरोपी चालक पर ₹10,000 का अर्थदंड लगाया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक सेंगर एवं आरक्षक राकेश एक्का की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


