भटगांव। एडी जुबली मेमोरियल स्कूल, भटगांव में आज नशा मुक्ति अभियान के तहत एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं समाज को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भटगांव नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती परमेश्वरी रजवाड़े रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों की ओर अग्रसर होना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर थाना प्रभारी भटगांव बृजेश सिन्हा ने विद्यार्थियों को नशे के विभिन्न रूपों तथा उनसे होने वाले सामाजिक और कानूनी दुष्परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशे की लत न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करती है, बल्कि अपराध और सामाजिक विघटन को भी बढ़ावा देती है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने तथा किसी भी प्रकार की नशीली गतिविधि की जानकारी पुलिस को देने की अपील की।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। नशा मुक्ति विषय पर जागरूकता संदेश दिए गए तथा विद्यार्थियों को नशा मुक्त जीवन अपनाने की शपथ दिलाई गई। उपस्थित लोगों ने समाज को नशे की बुराइयों से मुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी बृजेश सिन्हा के साथ पुलिस स्टाफ, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन नशा मुक्त भारत एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के संदेश के साथ किया गया।
एडी जुबली मेमोरियल स्कूल में नशा मुक्ति अभियान का आयोजन, विद्यार्थियों को दिलाई गई जागरूकता की शपथ
Leave a comment


