रैली निकाली गई, सतरंगी ध्वज फहराया गया और गोंड समाज भवन का उद्घाटन हुआ
अंबिकापुर/सरगुजा, 18 सितंबर 2026
ग्राम पंचायत अजीरमा, अंबिकापुर में महाराजा शंकर शाह एवं कुंवर रघुनाथ शाह का बलिदान दिवस आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गोंड समाज के महिला-पुरुष, युवा एवं बच्चे शामिल हुए। इस दौरान दोनों के योगदान और बलिदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत सल्ला-गंगरा प्रतीक चिन्ह के समीप प्रकृति पूजा-अर्चना से हुई। पूजा-अर्चना भूमका गुरुवर सिंह श्याम एवं पत्थल सिंह आरनो ने कराई। इसके बाद गोंड समाज भवन से रैली निकाली गई, जो महाराजा शंकर शाह-कुंवर रघुनाथ शाह चौक पहुंची। इस दौरान स्वर्गीय कोमल सिंह नेताम चौक पर सतरंगी ध्वज स्थापित कर फहराया गया।
इसके बाद गोंड समाज भवन का उद्घाटन दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम में भवन के उपयोग को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों से जोड़ने पर चर्चा की गई।
सामाजिक और शैक्षणिक गतिविधियों पर चर्चा…
कार्यक्रम की अध्यक्षता सजेंद्र प्रसाद मरकाम, संभागीय अध्यक्ष, गोंड समाज विकास समिति सरगुजा ने की। उन्होंने समाज को सामाजिक, सांस्कृतिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक स्तर पर मजबूत करने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता बताई।
उन्होंने समाज की रीति-रिवाज, परंपराओं, बोली-भाषा और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने तथा नई पीढ़ी को अपने इतिहास और संस्कृति से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने महाराजा शंकर शाह एवं कुंवर रघुनाथ शाह के योगदान और बलिदान का उल्लेख किया।
संभागीय महिला अध्यक्ष मधु सिंह पावले कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने महिलाओं से बच्चों की शिक्षा और संस्कार पर ध्यान देने की अपील की।

गोंडवाना के इतिहास को पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग…
कार्यक्रम में सोशल एक्टिविस्ट बीपीएस पोया ने भी संबोधित किया। उन्होंने महाराजा शंकर शाह एवं कुंवर रघुनाथ शाह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए गोंडवाना के इतिहास और आदिवासी समाज के योगदान पर अध्ययन एवं शोध को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई।
उन्होंने कहा कि महाराजा शंकर शाह एवं कुंवर रघुनाथ शाह के योगदान को प्राथमिक से उच्च शिक्षा तक पाठ्यक्रम में उचित स्थान दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि महापुरुषों के इतिहास और संघर्ष को जानने के साथ उनके सामाजिक मूल्यों को वर्तमान पीढ़ी तक पहुंचाना भी आवश्यक है।
बीपीएस पोया ने गोंड, गोंडी और गोंडवाना से संबंधित इतिहास, भाषा, संस्कृति एवं पारंपरिक ज्ञान पर अध्ययन और शोध को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में गोटूल की भूमिका को मजबूत करने की आवश्यकता भी बताई उन्होंने महाराजा शंकर शाह एवं कुंवर रघुनाथ शाह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सेवा जोहार एवं नमन किया बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं कार्यक्रम में बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों के माध्यम से स्थानीय कला एवं सांस्कृतिक परंपराओं को प्रदर्शित किया गया।
इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाले लोगों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में गोंड समाज के एक सोशल मीडिया क्रिएटर को भी सम्मानित किया गया। आयोजकों के अनुसार, संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से एक वर्ष में लगभग 30 करोड़ लोगों तक सामाजिक एवं जनजागरूकता संबंधी सामग्री पहुंचाई गई है।
कार्यक्रम में बबीता मरावी, सरपंच अजीरमा, कवल बिहारी सिंह टेकाम, अनुक सिंह टेकाम, बंटू सिंह मरावी, रामप्रकाश पोर्ते, आशीष कुसरो, डॉ. अमृत सिंह मरावी, धर्म मरावी, अंबिका मरावी पटेल, कुंते टेकाम, हूल सिंह आयाम, गुरुमुख मरावी, हेमंत कुमार मरावी, छत्रपाल मरावी और शिवशंकर सिंह केराम सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


