‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर दिखेगी विकास की झलक, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ लगेगी विभागीय प्रदर्शनी
सूरजपुर:- छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सूरजपुर जिले में जिला स्तरीय राज्योत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। शहर के अग्रसेन स्टेडियम ग्राउंड में आयोजित होने वाले इस समारोह में प्रदेश की महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। राज्योत्सव को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। आयोजन में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति, विकास यात्रा और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों की आकर्षक झलक देखने को मिलेगी।
इस वर्ष राज्योत्सव की मुख्य थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है। इस थीम के माध्यम से महिला सशक्तीकरण, युवाओं की भागीदारी और विकास की नई संभावनाओं को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिले के शासकीय भवनों को आकर्षक विद्युत रोशनी से सजाया जाएगा, जिससे पूरे जिले में उत्सव का माहौल नजर आएगा।
विभागीय प्रदर्शनी में दिखेगी विकास कार्यों की तस्वीर
राज्योत्सव स्थल पर विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा आकर्षक प्रदर्शनी और स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें जिले में संचालित विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं, नवाचारों और विभागीय उपलब्धियों की जानकारी आम नागरिकों को दी जाएगी। साथ ही विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को भी प्रदर्शित किया जाएगा। यह प्रदर्शनी आम लोगों को शासन की योजनाओं और उनके लाभों से रूबरू कराने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी।
छत्तीसगढ़ी लोककला और संस्कृति से सजेगी सांस्कृतिक संध्या
राज्योत्सव में स्थानीय कलाकारों द्वारा छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोककला, लोकगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक सांस्कृतिक विरासत पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां दी जाएंगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की परंपरा और पहचान को मंच पर जीवंत किया जाएगा। स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर भी मिलेगा।
हितग्राहियों को मिलेगा योजनाओं का लाभ, उत्कृष्ट कार्य करने वाले होंगे सम्मानित
समारोह के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा। वहीं अपने दायित्वों का उत्कृष्ट निर्वहन करने और उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया जाएगा।
कुल मिलाकर सूरजपुर का जिला स्तरीय राज्योत्सव राज्य की विकास यात्रा, महिला सशक्तीकरण, युवा प्रतिभाओं और छत्तीसगढ़ की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत को एक मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर बनेगा।
सूरजपुर में सजेगा जिला स्तरीय राज्योत्सव, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े होंगी मुख्य अतिथि
Leave a comment


