ज्ञानोदय संस्था की पहल, विधायक भूलन सिंह मरावी ने किया केंद्र का उद्घाटन
सूरजपुर:– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सरगुजा ज्ञानोदय एसोसिएशन द्वारा दिव्यांगजनों को कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। संस्था द्वारा संचालित ज्ञानोदय मूक-बधिर विद्यालय परिसर में दिव्यांगजन कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक भूलन सिंह मरावी ने किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया तथा उनके जन्मदिवस के अवसर पर बच्चों को फल वितरित किए गए। कार्यक्रम में अतिथियों का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान भी किया गया।

मुख्य अतिथि विधायक भूलन सिंह मरावी ने संस्था के संचालक विजय राज अग्रवाल द्वारा दिव्यांगजनों के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि दिव्यांग बच्चों को शिक्षा के साथ उनके भीतर छिपी प्रतिभा को पहचानने और उसे निखारने का कार्य सराहनीय है। उन्होंने कहा कि ज्ञानोदय मूक-बधिर विद्यालय में बच्चों को विशेष शिक्षा के साथ रहने और भोजन की निशुल्क व्यवस्था उपलब्ध कराई जा रही है तथा बच्चों में संस्कार और अनुशासन विकसित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
संस्था के संचालक विजय राज अग्रवाल ने बताया कि नव प्रारंभ कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र में विभिन्न प्रकार के दिव्यांगजनों को उनकी शारीरिक क्षमता, रुचि और रोजगार की संभावनाओं के अनुरूप प्रशिक्षण दिया जाएगा। केंद्र का उद्देश्य दिव्यांगजनों को सामाजिक, आर्थिक और व्यवहारिक रूप से सक्षम बनाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आगे बढ़ाना है।

उन्होंने बताया कि यह केंद्र सूरजपुर जिले में अपनी तरह की विशेष पहल है। प्रारंभिक चरण में दसवीं और बारहवीं की शिक्षा पूर्ण कर चुके दिव्यांगजनों को कौशल विकास प्रशिक्षण से जोड़ा जाएगा। सबसे पहले ज्ञानोदय मूक-बधिर विद्यालय से शिक्षा पूर्ण कर चुके बालक-बालिकाओं के लिए कंप्यूटर प्रशिक्षण शुरू किया जा रहा है। इसके बाद अस्थिबाधित, श्रवणबाधित, दृष्टिबाधित सहित अन्य दिव्यांगजनों के लिए उनकी आवश्यकता और क्षमता के अनुरूप अलग-अलग प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे।
कार्यक्रम में विश्रामपुर नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती निर्मला यादव, संदीप अग्रवाल, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष राजेश यादव, रविंद्र विश्वकर्मा, सतीश तिवारी एवं मंडल अध्यक्ष कैलाश सिदार सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भूलन सिंह मरावी ने ज्ञानोदय मूक-बधिर विद्यालय के प्राचार्य अनवर हुसैन को शील्ड प्रदान की तथा नव प्रारंभ कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र की जिम्मेदारी भी विद्यालय प्रबंधन को सौंपी गई। कार्यक्रम का संचालन प्राचार्य अनवर हुसैन ने किया।
मूक-बधिर बच्चों को कार्यक्रम में दिए जा रहे उद्बोधन एवं जानकारी से अवगत कराने के लिए विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती रीना सोनी ने सांकेतिक भाषा के माध्यम से अनुवाद किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती दीपिका तिवारी ने आभार व्यक्त किया।


