सूरजपुर:– जिले के ओड़गी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत धरसेड़ी में संचालित कन्या आश्रम के जीर्णोद्धार कार्य को लेकर स्थानीय स्तर पर तरह-तरह की चर्चाएं सामने आ रही हैं। आश्रम परिसर में लगाए गए सूचना पटल के अनुसार वर्ष 2025-26 में कन्या आश्रम के जीर्णोद्धार कार्य के लिए प्रशासकीय स्वीकृति राशि 5 लाख 14 हजार रुपये तथा मूल्यांकित राशि 5 लाख 12 हजार 718 रुपये दर्शाई गई है। सूचना पटल के मुताबिक कार्य की शुरुआत 26 मार्च 2026 और कार्य पूर्णता की तिथि 2 जुलाई 2026 अंकित है।
लेकिन कार्य को लेकर स्थानीय लोगों के बीच सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य और खर्च की वास्तविक स्थिति की जांच की जानी चाहिए। वहीं, काम के नाम पर पंचायत सचिव पर गंभीर आरोप लगाए जाने की चर्चा क्षेत्र में बनी हुई है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
मामले की वास्तविक स्थिति जानने के लिए जब ग्राम पंचायत के सचिव से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उनका फोन कॉल रिसीव नहीं हुआ। वहीं, कन्या आश्रम की अधीक्षिका मैडम से भी मामले को लेकर जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन भी नहीं उठाया गया।
ऐसे में अब सवाल यह उठता है कि जब शासन की ओर से कन्या आश्रम के जीर्णोद्धार के लिए लाखों रुपये की राशि स्वीकृत की गई है, तो क्या मौके पर कार्य उसी मापदंड और गुणवत्ता के अनुरूप हुआ है? क्या खर्च की गई राशि और निर्माण कार्य की वास्तविक स्थिति का मिलान किया गया है? और यदि स्थानीय लोगों द्वारा लगाए जा रहे आरोपों में कोई सच्चाई है, तो इसकी जिम्मेदारी आखिर किसकी तय होगी?
अब देखना होगा कि छात्रावास अधीक्षिका या संबंधित विभाग इस मामले को लेकर उच्च अधिकारियों से शिकायत करती हैं या नहीं, और क्या विभागीय स्तर पर मौके का निरीक्षण कर निर्माण कार्य एवं खर्च की राशि की जांच कराई जाती है।
स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है, ताकि शासकीय राशि के उपयोग को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सके।
कन्या आश्रम के जीर्णोद्धार कार्य पर उठे सवाल, सचिव पर गंभीर आरोप; जिम्मेदारों ने नहीं उठाया फोन
Leave a comment


