सूरजपुर :– जिले से एक बेहद संवेदनशील और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ जिला पंचायत के एक अधिकारी पर शासकीय नौकरी का झांसा देकर महिला का शारीरिक शोषण करने का गंभीर आरोप लगा है। इस अमानवीय कृत्य और पारिवारिक प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता ने अब पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई है
सूरजपुर के पंच मंदिरपारा (भैयाथान रोड) निवासी महिला का विवाह वर्ष 2012 में हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। दंपति का एक 12 वर्ष का पुत्र भी है। पीड़िता के अनुसार, विवाह के कुछ साल तो ठीक बीते, लेकिन बाद में पति और सास द्वारा उसे छोटी-छोटी बातों पर प्रताड़ित किया जाने लगा। इसके बाद उन्हें शिवपार्क (जेल पारा, सूरजपुर) स्थित नए घर में शिफ्ट कर दिया गया जहां जुल्मों का दायरा और बढ़ गया।
नौकरी का झांसा और शारीरिक शोषण…..
पीड़िता का आरोप है कि उनके घर में किराए पर रहने वाले जिला पंचायत के एक अधिकारी ने उसे बहला-फुसलाकर शासकीय नौकरी लगवाने का झांसा दिया। इसी का फायदा उठाकर अधिकारी ने उसका लगातार शारीरिक शोषण किया। इस सनसनीखेज खुलासे के बाद से प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।
पति की बेरुखी और मानसिक प्रताड़ना……
इतना ही नहीं, महिला का आरोप है कि उसके पति ने उसका साथ देने के बजाय खुद उसे छोड़ दिया है। पति अब उससे न तो बात करता है, न भोजन करता है और न ही बुनियादी जरूरतें पूरी करता है। यहाँ तक कि पति द्वारा उसका फोन हैक करने और बेटे को उससे दूर रखने के भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पीड़िता ने स्थानीय लोगों दो लोगों पर भी पति के इशारे पर अभ्रदता और गाली-गलौज करने का आरोप जड़ा है।
थाने में सुनवाई नहीं, मायके लौटने को मजबूर पीड़िता……
विवाद बढ़ने पर पूर्व में मामला महिला सखी सेंटर भी पहुँचा था जहाँ कुछ समय के लिए समझौता हुआ, लेकिन हालात फिर जस के तस हो गए। पीड़िता का दर्द है कि स्थानीय थाने में कई बार लिखित शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
न्याय न मिलने से आहत होकर पीड़िता को अपना घर छोड़कर मायके जाने के लिए मजबूर होना पड़ा है……
साथ ही, उसने चेतावनी दी है कि यदि पीछे से उसके घर या सामान को कोई क्षति पहुँचती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी उसके पति की होगी। अब देखना यह होगा कि पुलिस अधीक्षक के हस्तक्षेप के बाद क्या आरोपी अधिकारी और प्रताड़ित करने वाले ससुराल पक्ष पर कानूनी शिकंजा कसता है या मामला ठंडे बस्ते में चला जाता है।
शासकीय नौकरी का झांसा और प्रताड़ना जिला पंचायत के एक अधिकारी पर महिला के शारीरिक शोषण का गंभीर आरोप, पति ने छोड़ा
Leave a comment


