भटगांव थाना क्षेत्र का मामला, शिक्षा विभाग ने गठित की 3 सदस्यीय जांच टीम
सूरजपुर/भटगांव:– जिले के भटगांव थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां 11वीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा ने अपने ही शिक्षक पर छेड़छाड़ और अशोभनीय बातें करने का आरोप लगाया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद छात्रा के परिजन तत्काल भटगांव थाना पहुंचे और आरोपी शिक्षक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
परिजनों के अनुसार, आरोपी शिक्षक हरकेश जायसवाल लंबे समय से छात्रा को परेशान कर रहा था और उससे अनुचित बातें करता था। परिवार का आरोप है कि शिक्षक के इस व्यवहार से छात्रा मानसिक रूप से भयभीत थी और स्कूल का माहौल उसके लिए असुरक्षित हो गया था।
छात्रा के पिता ने यह भी दावा किया है कि इस तरह की शिकायत पहली बार सामने नहीं आई है, बल्कि पहले भी कई छात्राओं के साथ इसी प्रकार की घटनाओं की चर्चा होती रही है। ऐसे में मामला केवल एक छात्रा तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि पूरे स्कूल में पढ़ने वाली बच्चियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए भटगांव पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं शिक्षा विभाग ने भी त्वरित संज्ञान लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी के निर्देश पर तीन सदस्यीय जांच टीम गठित की है, जो पूरे प्रकरण की पड़ताल करेगी।
फिलहाल पुलिस और शिक्षा विभाग दोनों स्तर पर जांच जारी है। इस घटना ने एक बार फिर स्कूलों में छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था, शिकायत निवारण तंत्र और शिक्षण संस्थानों की जवाबदेही पर बड़ा प्रश्नचिह्न लगा दिया है।
शिक्षा के मंदिर में सुरक्षा पर सवाल…
जहां शिक्षक को समाज में आदर्श और मार्गदर्शक माना जाता है, वहीं ऐसे आरोप शिक्षा व्यवस्था की साख को प्रभावित करते हैं। अभिभावकों का कहना है कि स्कूलों में छात्राओं की सुरक्षा, शिकायत तंत्र और नियमित निगरानी को और मजबूत करने की जरूरत है।


