सूरजपुर ट्रैफिक पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बच्चों को सुरक्षित घर पहुंचाया गया
सूरजपुर:– स्कूली बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले एक नशेड़ी ईको चालक पर सूरजपुर ट्रैफिक पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। चंदरपुर चौक में वाहन चेकिंग के दौरान शराब के नशे में स्कूली बच्चों का परिवहन कर रहे चालक को पकड़कर वाहन जब्त कर लिया गया। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जिले में यातायात को सुगम और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 30 मार्च 2026 को यातायात प्रभारी बृजकिशोर पाण्डेय अपनी टीम के साथ चंदरपुर चौक में वाहनों की जांच कर रहे थे।
इसी दौरान ईको वाहन क्रमांक CG 29 AG 6127 स्कूली बच्चों को लेकर वहां पहुंचा। वाहन चालक नरसिंह (30 वर्ष), निवासी ग्राम चंदरपुर की जांच ब्रीथ एनालाइजर मशीन से की गई, जिसमें वह शराब के नशे में वाहन चलाते पाया गया। जांच में यह भी सामने आया कि वाहन बिना परमिट स्कूली बच्चों का परिवहन कर रहा था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 एवं 66/192 के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन को तत्काल जब्त कर लिया।
सबसे राहत की बात यह रही कि ट्रैफिक पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए स्कूली बच्चों के लिए वैकल्पिक वाहन की व्यवस्था की और सभी बच्चों को सुरक्षित उनके घरों तक पहुंचाया।
पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि बच्चों के स्कूल आवागमन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वाहन स्वामी और चालकों को यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। नियमों की अनदेखी पाए जाने पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


