लुंड्रा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, घटना में प्रयुक्त टांगी व कपड़े जब्त..
अम्बिकापुर/लुंड्रा, 31 मार्च 2026
सरगुजा जिले के लुंड्रा थाना क्षेत्र में आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां एक व्यक्ति ने आवेश में आकर टांगी से हमला कर युवक की हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी रामसाय दिवान ने थाना लुंड्रा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 29 मार्च की दोपहर वह अपने रिश्तेदार संजय के कहने पर बुधसाय के घर गया था। इसके बाद बुधसाय और राकेश को मोटरसाइकिल से करेसर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में हैंडपंप के पास रुकने पर पानी पीने को लेकर विवाद हो गया।
बताया गया कि मामूली कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि बुधसाय ने गुस्से में आकर राकेश के पैर पर टांगी से गंभीर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल राकेश को पहले धौरपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल अम्बिकापुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
मामले की सूचना मिलते ही डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के निर्देश पर लुंड्रा पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण, गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी बुधसाय उर्फ जीबलाल घासी (60 वर्ष), निवासी पटोरा करंजपारा, को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त टांगी, फुलपैंट और जूते को जब्त कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप जायसवाल सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में गंभीर अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


