आज के दौर में जहां छोटी-छोटी रकम के लिए भी लोग गलत रास्ता अपनाने से नहीं चूकते, वहीं एक युवक ने अपनी ईमानदारी से समाज के सामने मिसाल पेश की है।
गांधीनगर थाना क्षेत्र के मुक्तीपारा निवासी 22 वर्षीय मनोज कुमार सिंह ने रास्ते में गिरे 13 हजार रुपये को सुरक्षित थाना पहुंचाकर जमा कराया, जिसकी हर ओर सराहना हो रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 28 अप्रैल 2026 को मनोज कुमार सिंह सब्जी मार्केट गांधीनगर के पास बस से उतरकर अपने किराये के मकान की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसकी नजर सड़क पर बिखरे रुपयों पर पड़ी। आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था।
जांच करने पर पाया गया कि कुल 13 हजार रुपये सड़क पर गिरे हुए थे। अनुमान है कि पास से गुजर रहे एक स्कूटी सवार युवक, जो पीले रंग की शर्ट पहने हुए था, उसकी जेब से यह रकम गिर गई होगी।
ऐसी स्थिति में युवक के सामने आसान विकल्प यह था कि वह रकम अपने पास रख ले, लेकिन उसने ईमानदारी का परिचय देते हुए तत्काल थाना गांधीनगर पहुंचकर पूरी रकम पुलिस को सौंप दी।
थाना गांधीनगर पुलिस ने उक्त नगद राशि को सुरक्षार्थ अपने पास रख लिया है और असली मालिक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि जो भी व्यक्ति इस रकम पर अपना हक साबित करेगा, उसे आवश्यक प्रक्रिया के बाद राशि वापस कर दी जाएगी।
इस सराहनीय कार्य के लिए थाना प्रभारी गांधीनगर ने मनोज कुमार सिंह की जमकर प्रशंसा की और उसकी ईमानदारी को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और लोगों को सही रास्ते पर चलने के लिए प्रेरित करते हैं।
आज के समय में जब ईमानदारी के उदाहरण कम देखने को मिलते हैं, ऐसे में मनोज कुमार सिंह का यह कदम निश्चित रूप से समाज के लिए एक सीख है कि परिस्थिति कैसी भी हो, सच्चाई और ईमानदारी ही सबसे बड़ी पहचान होती है।


