सूरजपुर, 08 फरवरी 2026
भटगांव विधानसभा क्षेत्र के लिए सड़क विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राज्य शासन ने बीरपुर 12 मील हनुमान मंदिर (सिलफिली) से कालीघाट महावीरपुर (अंबिकापुर) तक राष्ट्रीय राजमार्ग-43 के डामरी मजबूतीकरण कार्य हेतु 28.19 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। यह स्वीकृति महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के सतत प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है।
बताया जा रहा है कि लंबे समय से जर्जर इस सड़क के कारण आमजन को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। अब इस परियोजना के क्रियान्वयन से न केवल सड़क की गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक आवागमन की सुविधा भी मिलेगी।

विशेषज्ञों का मानना है कि सड़क के उन्नयन से भटगांव विधानसभा सहित आसपास के क्षेत्रों में व्यापार, परिवहन और स्थानीय रोजगार को नई गति मिलेगी। साथ ही अंबिकापुर जैसे प्रमुख शहरी केंद्र से संपर्क मजबूत होने से क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता जनसुविधाओं का विस्तार और संतुलित विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि भटगांव विधानसभा में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण से जुड़े कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।
इस स्वीकृति को क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे स्थानीय नागरिकों को लंबे समय तक लाभ मिलने की उम्मीद है।


