15 अप्रैल तक पहले चरण का आयोजन, सभी तहसीलों में पटवारी हल्का और ग्राम पंचायत मुख्यालयों में कैंप..
सूरजपुर, 31 मार्च 2026
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप सूरजपुर जिले में 1 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 तक राजस्व पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देशानुसार यह अभियान तीन चरणों में संचालित होगा। पहला चरण 1 से 15 अप्रैल, दूसरा चरण 4 से 18 मई और तीसरा चरण 1 से 15 जून 2026 तक चलेगा।
कलेक्टर एस. जयवर्धन के निर्देश पर जिले की सभी तहसीलों— सूरजपुर, प्रतापपुर, ओड़गी, बिहारपुर, रामानुजनगर, भैयाथान, भटगांव, लटोरी और प्रेमनगर — में पटवारी हल्कों व ग्राम पंचायत मुख्यालयों का चयन कर लिया गया है। तहसील मुख्यालयों सहित विभिन्न पंचायत भवनों में शिविर लगाए जाएंगे, जहां आम नागरिकों के राजस्व संबंधी प्रकरणों का मौके पर ही समाधान किया जाएगा।
प्रशासन के अनुसार इन शिविरों में अविवादित एवं विवादित नामांतरण, खाता बंटवारा, सीमांकन, नक्शा अद्यतन, बटांकन, ऋण पुस्तिका, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र, अभिलेख शुद्धता, डिजिटल हस्ताक्षर, स्वामित्व योजना, आरबीसी 6-4 के तहत जनहानि, फसल क्षति और पशुहानि के प्रकरणों का निराकरण किया जाएगा। साथ ही आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र के आवेदन लोक सेवा केंद्र के माध्यम से शिविर स्थल पर ही ऑनलाइन दर्ज किए जाएंगे।
प्रशासन ने 1 अप्रैल से विभिन्न तहसीलों में तिथिवार शिविर स्थलों की सूची भी जारी कर दी है। पहले दिन ओड़गी, बिहारपुर, भटगांव, लटोरी, प्रेमनगर, रामानुजनगर, सूरजपुर, भैयाथान और प्रतापपुर के चयनित ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित होंगे। इसके बाद 2, 6, 7, 8, 9, 10, 13 और 15 अप्रैल को अन्य पंचायतों में कैंप लगाए जाएंगे।
कलेक्टर ने सभी एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदारों को शिविरों की समुचित तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि ग्रामीणों को अपने गांव के पास ही त्वरित राजस्व सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
प्रशासन का दावा है कि इस पखवाड़े से लंबित राजस्व प्रकरणों के तेजी से निराकरण के साथ आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।


