सूरजपुर जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस अब पूरी तरह सख्त नजर आ रही है। डीआईजी एवं एसएसपी श्री प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर जिलेभर में लगातार चलाए जा रहे सघन वाहन चेकिंग अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों सहित यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर बड़ी कार्रवाई की गई है।
पुलिस आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2026 में अब तक शराब पीकर वाहन चलाने के 219 मामलों में वाहन जप्त कर चालान न्यायालय में पेश किए गए, जहां माननीय न्यायालय द्वारा आरोपियों पर कुल 20 लाख 1 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
इसके अलावा बिना हेलमेट वाहन चलाने के 2250 प्रकरण तथा बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने के 2250 मामलों सहित कुल 25,369 प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 86 लाख 65 हजार 200 रुपये का समन शुल्क वसूला है।
इसी क्रम में 6 और 7 मई 2026 को यातायात पुलिस द्वारा कर्मा चौक एवं अग्रसेन चौक में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान इनोवा वाहन क्रमांक CG 13 AE 1810 एवं पिकअप वाहन क्रमांक CG 15 CY 6344 के चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। पुलिस ने दोनों वाहनों को जप्त कर धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां इनोवा चालक पर ₹10,500 का जुर्माना लगाया गया।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाना न केवल चालक के लिए बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिलेभर में लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले और शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ लाइसेंस निरस्तीकरण जैसी सख्त कार्रवाई भी की जा रही है।
सूरजपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें। पुलिस का कहना है कि जनहित और सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


