प्रतापपुर:– मुख्य पुराने बस स्टैंड के सामने कन्या शाला की बाउंड्री से सटी शासकीय भूमि पर निर्माण को लेकर अब सवाल खड़े होने लगे हैं। मौके पर निर्माण के लिए कॉलम खड़े किए जाने के बाद आगे छत ढलाई की तैयारी की बात सामने आ रही है। खास बात यह है कि नगर पंचायत प्रतापपुर की सीएमओ श्रीमती यूफ्रिसिया एक्का ने स्पष्ट किया है कि उक्त निर्माण के लिए नगर पंचायत की ओर से किसी भी प्रकार की अनुमति नहीं दी गई है।
कन्या शाला और स्वामी आत्मानंद संकुल से सटी इस जमीन पर निर्माण की तैयारी के बावजूद कार्रवाई नहीं होने को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि जमीन शासकीय है और निर्माण के लिए वैध अनुमति नहीं ली गई है, तो निर्माण शुरू होने से पहले ही जिम्मेदार विभागों को मामले की जांच करनी चाहिए।

वहीं स्थानीय स्तर पर ग्राम पंचायत खजूरी के पूर्व सरपंच स्वर्गीय रामकिशन के कार्यकाल में शासकीय जमीन के कथित क्रय-विक्रय अथवा रकम लेकर उपयोग की अनुमति दिए जाने जैसे आरोप भी लगाए जा रहे हैं। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और इसकी वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
इधर नगर पंचायत प्रतापपुर की सीएमओ श्रीमती यूफ्रिसिया एक्का ने बताया कि निर्माण के लिए किसी भी प्रकार का परमिशन नगर पंचायत द्वारा नहीं दिया गया है। उन्होंने मामले की जांच कर कार्रवाई किए जाने की बात कही है।
अब बड़ा सवाल यह है कि शासकीय जमीन पर निर्माण की तैयारी के मामले में प्रशासन की जांच कितनी जल्दी शुरू होती है और जांच में जमीन की वास्तविक स्थिति एवं निर्माण की वैधता को लेकर क्या तथ्य सामने आते हैं?


