बिश्रामपुर:– वी.एम. कॉलेज परिसर में स्वतंत्रता दिवस का पावन पर्व हर्षोल्लास, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि इम्पैक्ट इंडिया फाउंडेशन की मुख्य ट्रस्टी प्रोफेसर डॉ. रोहिणी चौगुले ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष एवं संस्थापक विजयराज अग्रवाल ने की।
ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान की धुन के बीच तिरंगा शान से आसमान में लहराया। पूरा कॉलेज परिसर “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से गूंज उठा। इस अवसर पर इम्पैक्ट इंडिया फाउंडेशन की ओर से डॉ. पार्थस, मि. एडोल्फ, डॉ. मनोहर रेड्डी एवं योगेश जी सहित संस्था के पदाधिकारी एवं अतिथि उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि प्रोफेसर डॉ. रोहिणी चौगुले ने अपने संबोधन में देश के अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए युवाओं से देश के विकास, शिक्षा, अनुशासन और राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने इम्पैक्ट इंडिया फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे विभिन्न सामाजिक एवं शैक्षणिक कार्यों पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सरगुजा ज्ञानोदय एसोसिएशन द्वारा संचालित विभिन्न शैक्षणिक इकाइयों के विद्यार्थियों का रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम रहा। वी.एम. कॉलेज ऑफ नर्सिंग/जी.एन.एम., वी.एम. कॉलेज ऑफ फार्मेसी, ज्ञानोदय मूक-बधिर विद्यालय एवं जूनियर डी.पी.एस. के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सामूहिक नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से देश की विविधता, संस्कृति और वीर शहीदों की गौरवगाथा को जीवंत कर दिया। शानदार प्रस्तुतियों पर पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।
संस्था के संस्थापक विजयराज अग्रवाल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के इतिहास का सबसे गौरवशाली दिन है। वर्षों के संघर्ष, त्याग और अनगिनत बलिदानों के बाद देश को आजादी मिली। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि जिस तरह सरहद पर तैनात जवान देश की सीमाओं की रक्षा कर राष्ट्रसेवा करते हैं, उसी प्रकार नर्सिंग के विद्यार्थी देश के भीतर रहकर लोगों के जीवन और स्वास्थ्य की रक्षा करते हुए राष्ट्रसेवा का महत्वपूर्ण दायित्व निभाते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि आजादी केवल अधिकार प्राप्त करने का नाम नहीं, बल्कि अपनी जिम्मेदारियों को ईमानदारी से निभाने का संकल्प भी है। अनुशासन, ईमानदारी और समर्पण को जीवन का मूल मंत्र बनाना ही देश के प्रति सच्ची श्रद्धा है।
इस अवसर पर संस्था की विभिन्न शैक्षणिक इकाइयों के उत्कृष्ट कर्मचारियों को मुख्य अतिथि के करकमलों से शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। वी.एम. कॉलेज ऑफ नर्सिंग से आरती सिंह, जूनियर डी.पी.एस. से रत्ना राजवाड़े, ज्ञानोदय मूक-बधिर विद्यालय से सूजाता देवनाथ तथा ज्ञानोदय मुख्य कार्यालय से ओसामा हाशमी को “बेस्ट एम्प्लॉयी” के रूप में सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संयुक्त मंच संचालन अनवर हुसैन, उमा टंडन, इंदु पांडेय, रजिया फातिमा एवं विजय प्रजापति ने किया। अंत में जूनियर डी.पी.एस. की शिक्षिका कशिश कायनात ने आभार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में संस्था के प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की गरिमामय उपस्थिति रही।


