सूरजपुर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में गुरुवार को जिला कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन के सम्मान में भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। विदाई समारोह के दौरान सभाकक्ष भावुक पलों और सम्मान की भावनाओं से भर उठा।

भारतीय प्रशासनिक सेवा 2014 बैच के अधिकारी श्री एस. जयवर्धन को आगामी पदस्थापना के तहत संचालक, कोष एवं लेखा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस अवसर पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, अनुशासन और बेहतर समन्वय देखने को मिला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन ने जिले के विकास कार्यों में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि टीम भावना और आपसी समन्वय ही प्रशासनिक सफलता की सबसे बड़ी ताकत होती है। उन्होंने सभी कर्मचारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके सहयोग और समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया।

विदाई समारोह में मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए श्री जयवर्धन के सरल व्यवहार, कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता की प्रशंसा की। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य और नई जिम्मेदारी के सफल निर्वहन की शुभकामनाएं दीं।
समारोह के अंत में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा भावभीनी विदाई दी।


