17 भैंसे जप्त कीमत 4 लाख झारखंड लिंक पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज..
चार लाख रुपये कीमत के भैंसे जप्त, झारखंड कनेक्शन की जांच तेज..
कोरिया, 8 अप्रैल:– जिले के सोनहत थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 17 नग भैंसे बरामद किए हैं। पुलिस ने इन्हें कथित तौर पर बुचड़खाने ले जाने की तैयारी के दौरान जप्त किया। मामले में एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है, जबकि अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेशा चौबे तथा एसडीओपी राजेश साहू के मार्गदर्शन में थाना सोनहत पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस को 7 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम उज्ञांव, चौकी रामगढ़ क्षेत्र में बड़ी संख्या में भैंसों को अवैध रूप से छुपाकर रखा गया है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां आरोपी बहादुर सिंह (56 वर्ष) के कब्जे से 17 भैंसे अमानवीय तरीके से रस्सियों से बंधे हुए पाए गए। प्रारंभिक जांच में पता चला कि इन्हें अवैध रूप से बुचड़खाने ले जाने की तैयारी की जा रही थी।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि उक्त भैंसों को पी.पी. सिंह एवं मकसूद (झारखंड) द्वारा ट्रक के माध्यम से लाकर यहां छुपाकर रखा गया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी 17 भैंसों को जप्त कर लिया, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई है।

मामले में आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषि पशु परीक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(घ) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि अवैध पशु तस्करी में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और इस तरह के मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद पासवान, उप निरीक्षक राजाराम राठिया सहित पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।


