सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने किया स्थल निरीक्षण की मांग, स्थानीय लोगों को रोजगार से जोड़ने पर दिया जोर..
सरगुजा:– के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मैनपाट में सैलानियों के लिए बनाए गए सैला रिसॉर्ट को लेकर विधानसभा में सवाल उठाया गया है। सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना की वर्तमान स्थिति और सुविधाओं को लेकर पर्यटन मंत्री से जवाब तलब किया।
विधायक ने सदन में प्रश्न करते हुए पूछा कि सैला रिसॉर्ट कितने क्षेत्रफल में निर्मित है, इसका निर्माण कब हुआ, कुल लागत कितनी आई और डीपीआर में किन-किन कार्यों को शामिल किया गया था। साथ ही उन्होंने यह भी जानना चाहा कि वर्तमान में रिसॉर्ट में कौन-कौन सी सुविधाएं संचालित हैं और इसके रखरखाव के लिए कितनी राशि निर्धारित की गई है।
इस पर पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि सैला रिसॉर्ट का निर्माण वर्ष 2019 से 2021 के बीच किया गया है, जिसकी कुल लागत 2137.38 लाख रुपए है। यह रिसॉर्ट 8.093 हेक्टेयर भूमि पर विकसित किया गया है।

मंत्री के अनुसार डीपीआर में ट्रायबल वर्कशॉप सेंटर, सायकल ट्रैक, इलेक्ट्रॉनिक व्हीकल, कैफेटेरिया, टूरिस्ट रिसेप्शन सेंटर, ओपन एंफीथियेटर, ट्रायबल इंटरप्रिटेशन सेंटर, पार्किंग, जल आपूर्ति व्यवस्था, सोलर लाइट, वॉकवे, पाथवे, सीसी रोड, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट सहित कई सुविधाएं शामिल हैं। वहीं रिसॉर्ट के मासिक मेंटेनेंस के लिए 67,630 रुपए की राशि निर्धारित की गई है।
हालांकि, जवाब से संतुष्ट न होते हुए विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा कि वर्तमान स्थिति को देखते हुए स्थल निरीक्षण की आवश्यकता है, क्योंकि अभी भी कई कार्य अधूरे हैं। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि रिसॉर्ट के मेंटेनेंस कार्यों में स्थानीय स्व-सहायता समूहों को जोड़ा जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को रोजगार के अवसर मिल सकें।
मैनपाट जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल में करोड़ों की लागत से बने इस रिसॉर्ट की जमीनी हकीकत को लेकर अब सवाल खड़े होने लगे हैं, जिससे आने वाले समय में इस मुद्दे पर राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज होने के आसार हैं।


