बलरामपुर:–सीतापुर विधानसभा क्षेत्र में पुलिस अभिरक्षा के दौरान एक युवक की संदिग्ध मौत के बाद मामला तूल पकड़ने लगा है। घटना पर स्थानीय विधायक रामकुमार टोप्पो ने गंभीरता दिखाते हुए त्वरित संज्ञान लिया है।
विधायक टोप्पो ने मृतक युवक के परिजनों से सीधी बातचीत कर उन्हें निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया उन्होंने कहा “अगर इस पूरे मामले में कहीं भी लापरवाही या चूक सामने आती है, तो दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।”

विधायक ने मामले को लेकर पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से भी चर्चा की है और पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष व पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पोस्टमार्टम प्रक्रिया मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में कराई जाए, ताकि जांच पर किसी भी प्रकार का संदेह न रहे।
मृतक के परिवार को सांत्वना देते हुए विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा कि सरकार और प्रशासन दोनों इस घटना को गंभीरता से देख रहे हैं और न्याय दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।


