अंबिकापुर:–छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के समापन अवसर पर आयोजित राज्य अलंकरण समारोह में NEWS 18 छत्तीसगढ़ के संपादक अभिषेक शुक्ल को “चंदूलाल चंद्राकर स्मृति हिंदी पत्रकारिता सम्मान” से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान उन्हें इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन के करकमलों से प्रदान किया गया।
राज्य अलंकरण समारोह में राज्यपाल रमन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह समेत प्रदेश सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री और अधिकारी उपस्थित रहे।
अभिषेक शुक्ल अंबिकापुर के मूल निवासी हैं और उनकी प्रारंभिक शिक्षा भी यहीं से हुई है। उन्होंने पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी मेहनत, निष्ठा और प्रखर प्रस्तुति से एक अलग पहचान बनाई है।
वे कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में बतौर एंकर, ब्यूरो प्रमुख और संपादक के रूप में अपनी सेवाएँ दे चुके हैं। वर्तमान में वे छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े कॉरपोरेट मीडिया समूह NEWS 18 में संपादक पद पर कार्यरत हैं।

अभिषेक शुक्ल को यह सम्मान मिलने से पूरे सरगुजा संभाग और अंबिकापुर शहर में गर्व और खुशी की लहर है। वहीं प्रदेश के मीडिया जगत में भी बधाइयों की झड़ी लग गई है।
यह उपलब्धि न सिर्फ अभिषेक शुक्ल की व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि छत्तीसगढ़ की पत्रकारिता के लिए एक गौरवपूर्ण क्षण बनी है।


