छत्तीसगढ़/रायगढ़
उत्कल ब्राह्मण समाज सेवा समिति, रायगढ़ तहसील द्वारा नववर्ष 2026 के अवसर पर भव्य नववर्ष मिलन समारोह का आयोजन आगामी 04 जनवरी 2026 (रविवार) को किया जाएगा। इस संबंध में समाज की महत्वपूर्ण बैठक प्रदेश महासचिव श्री सत्यदेव शर्मा जी के निवास पर सम्पन्न हुई, जिसमें सर्वसम्मति से कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई।
नववर्ष मिलन समारोह प्रातः 9 बजे से सायं 5 बजे तक बरघाट स्थित हनुमान मंदिर परिसर (सर्किट हाउस के पास) आयोजित होगा। कार्यक्रम का आयोजन उत्कल ब्राह्मण समाज महिला समिति, रायगढ़ तहसील के तत्वावधान में किया जाएगा, जिसमें समाज के सभी वर्गों की सक्रिय सहभागिता रहेगी।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजेगा समारोह
समारोह में समाज के बच्चों, महिलाओं एवं युवाओं के लिए नृत्य, गीत, वादन सहित अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे विशेष आकर्षण के रूप में 0 से 12 वर्ष के बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता तथा महिलाओं के लिए कुर्सी दौड़ का आयोजन किया जाएगा। महिलाओं की कुर्सी दौड़ में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे, जबकि अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया जाएगा।

पंजीयन व सहभागिता की व्यवस्था।
कार्यक्रम में 12 वर्ष से अधिक आयु के सदस्यों के लिए ₹100 पंजीयन शुल्क निर्धारित किया गया है। प्रत्येक प्रतिभागी को केवल एक सांस्कृतिक प्रस्तुति देने की अनुमति होगी। प्रतिभागियों को अपनी प्रस्तुति का विवरण कार्यक्रम से तीन दिन पूर्व सांस्कृतिक प्रभारी को उपलब्ध कराना अनिवार्य रहेगा।
आयोजन का संचालन और मार्गदर्शन।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों का संयोजन श्री दीपक आचार्य एवं महिला समिति द्वारा किया जाएगा। आयोजन को सफल बनाने हेतु जिलाध्यक्ष श्री अरुण पंडा जी एवं तहसील अध्यक्ष श्री चित्रसेन शर्मा जी का मार्गदर्शन प्राप्त रहेगा।
समाज से सहभागिता की अपील।
समिति के पदाधिकारियों ने उत्कल ब्राह्मण समाज के सभी सदस्यों से परिवार सहित कार्यक्रम में उपस्थित होकर इस नववर्ष मिलन समारोह को सफल बनाने की अपील की है। आयोजकों का कहना है कि यह आयोजन सामाजिक एकता, सांस्कृतिक पहचान और संगठनात्मक मजबूती को नई दिशा देगा।
नववर्ष के स्वागत में आयोजित यह समारोह उत्कल ब्राह्मण समाज के आपसी सौहार्द और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक बनेगा।


