सूरजपुर/विशेष संवाददाता
सूरजपुर पुलिस को धोखाधड़ी के एक मामले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नेपाल बॉर्डर से लगे उत्तरप्रदेश के बहराइच जिले में दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने खुद को थाना प्रभारी और जेल अधीक्षक बताकर एक व्यक्ति से 75 हजार रुपये की ठगी की थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सिरसी निवासी चिंतामणी बंजारे ने चौकी बसदेई में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात मोबाइल धारकों ने उनके बेटे का नाम NDPS एक्ट के मामले से हटवाने और जेल से छुड़ाने का झांसा देकर फोन-पे के माध्यम से 75 हजार रुपये ठग लिए।

जांच में मामला सही पाए जाने पर चौकी बसदेई पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 497/25 के तहत प्रकरण दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
तकनीकी जांच और पतासाजी के बाद पुलिस को आरोपियों के उत्तरप्रदेश में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम गठित कर बहराइच (नेपाल बॉर्डर के पास) में दबिश दी गई, जहां से आरोपी इमरान (22 वर्ष) और मोहम्मद आलम (29 वर्ष), निवासी पेटरहा थाना मोतीपुर जिला बहराइच, को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने एक अन्य सहयोगी के साथ मिलकर फोन के जरिए खुद को पुलिस अधिकारी और जेल अधीक्षक बताकर पीड़ित से 75 हजार रुपये गूगल-पे के माध्यम से ठगे थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से 2 मोबाइल, 8 सिम कार्ड, 3 बैंक पासबुक, 1 एटीएम कार्ड और 1 चेकबुक जब्त की है।
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन, एसडीओपी अभिषेक पैंकरा के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी बसदेई योगेन्द्र जायसवाल सहित पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी अनजान कॉल या झांसे में न आने की अपील की है।


