राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत कार्रवाई, 25 बसों को किया गया सुरक्षित
सूरजपुर/संवाददाता
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और रात्रिकालीन आवागमन को सुरक्षित बनाने की दिशा में सूरजपुर यातायात पुलिस ने ठोस पहल की है। डीआईजी व एसएसपी श्री प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत यातायात पुलिस द्वारा बसों पर रेडियम युक्त सुरक्षा पट्टियां लगाई जा रही हैं।
इसी क्रम में बुधवार, 07 जनवरी 2026 को यातायात प्रभारी बृजकिशोर पाण्डेय के नेतृत्व में यातायात पुलिस टीम ने नया बस स्टैंड सूरजपुर में खड़ी 25 बसों के आगे, पीछे एवं किनारों पर रेडियम पट्टी लगाई।
अंधेरे और कोहरे में दिखें वाहन, टक्कर का खतरा हो कम
यातायात प्रभारी ने बताया कि रेडियम पट्टी लगाने का मुख्य उद्देश्य रात के समय, खराब रोशनी अथवा कोहरे जैसी परिस्थितियों में बसों की दृश्यता बढ़ाना है। रेडियम युक्त पट्टियों के कारण दूर से ही वाहन स्पष्ट रूप से दिखाई देता है, जिससे अन्य चालकों को समय रहते सतर्क होने का मौका मिलता है और सड़क हादसों की आशंका में उल्लेखनीय कमी आती है।

इमरजेंसी गेट में लापरवाही पर सख्ती, बस चालक पर चालान
रेडियम पट्टी लगाने के बाद यातायात पुलिस ने बसों की इमरजेंसी गेट (आपातकालीन द्वार) की भी जांच की। इस दौरान एक बस की इमरजेंसी गेट काफी प्रयास के बाद भी नहीं खुल सकी।
मामले को गंभीर मानते हुए यातायात पुलिस ने संबंधित बस चालक के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए चालान काटा। चालक को निर्देश दिए गए कि तत्काल गेट को दुरुस्त कराएं और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करें।

आपात स्थिति में यात्रियों की जान बचाने में अहम है इमरजेंसी गेट
यातायात प्रभारी ने स्पष्ट किया कि इमरजेंसी गेट का उद्देश्य सामान्य निकास मार्गों के विफल होने की स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित और त्वरित बाहर निकालना है। इमरजेंसी गेट में लापरवाही सीधे तौर पर यात्रियों की जान को खतरे में डालती है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यातायात पुलिस की चेतावनी
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के दौरान इस तरह की जांच और अभियान लगातार जारी रहेंगे। नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों और संचालकों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


