बसदेई पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम रगदा की घटना
सूरजपुर। अपने ही परिवार को खत्म करने की धमकी देने वाले आरोपी पुत्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह मामला सूरजपुर जिले के बसदेई पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम रगदा का है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम रगदा निवासी भगवती यादव पति रामधनी यादव ने चौकी बसदेई में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका पुत्र कामेश्वर यादव (40 वर्ष) शराब के नशे में आए दिन घर में झगड़ा करता है और परिजनों को धमकाता है।
घटना 9 सितम्बर की सुबह लगभग 9:30 बजे की है, जब आरोपी शराब के नशे में लोहे का गडासा लेकर सड़क पर लहराते हुए आया और अपने परिजनों को जान से मारने की धमकी देने लगा। उसी दौरान परिजनों ने सूझबूझ से गडासा छीन लिया और तत्काल पुलिस को सूचना दी।

रिपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए बसदेई पुलिस ने अपराध दर्ज किया और जांच में आरोप सही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक सूरजपुर प्रशांत ठाकुर के निर्देश पर आरोपी कामेश्वर यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी योगेंद्र जायसवाल सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घरेलू हिंसा या धमकी जैसे मामलों में तुरंत पुलिस को सूचना दें।


