सरगुजा/सीतापुर
सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भटकों–बतौली स्थित 200 बिस्तर वाले कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में मंगलवार को विधायक रामकुमार टोप्पो ने अचानक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्राओं के आवास, भोजन, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की।
विधायक टोप्पो ने सबसे पहले छात्राओं के सोने की व्यवस्था, सर्दी को ध्यान में रखते हुए गरम कपड़ों की उपलब्धता, तथा पीने के लिए स्वच्छ पानी की व्यवस्था का जायजा लिया। इसके साथ ही भोजनालय पहुंचकर उन्होंने भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई की भी जांच की।

विद्यालय परिसर में बिजली व्यवस्था, आवागमन के लिए सड़क सुविधा, और छात्राओं की पढ़ाई से जुड़ी व्यवस्थाओं का भी उन्होंने अवलोकन किया। पढ़ाई के स्तर पर जानकारी लेते हुए शिक्षक–कर्मचारियों को बच्चियों की शिक्षा को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
सुरक्षा व्यवस्था को महत्वपूर्ण मानते हुए विधायक ने सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली की जांच की और अधीक्षक को कैमरों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने विद्यालय स्टाफ व छात्राओं से बातचीत करते हुए कहा कि बालिकाओं के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करना शासन की प्राथमिकता है।


