सूरजपुर जिले के भटगांव थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत बुंदिया स्थित शासकीय हाई स्कूल बुंदिया में आज राज्य शासन की महत्वाकांक्षी सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत नवमीं कक्षा की 13 छात्राओं को निशुल्क साइकिल का वितरण किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण व दूरदराज क्षेत्रों की छात्राओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना तथा विद्यालय आने-जाने में होने वाली कठिनाइयों को दूर करना रहा।
सरस्वती साइकिल योजना आज प्रदेश की ऐसी योजनाओं में शामिल है, जिसने बालिकाओं की शिक्षा को नई दिशा दी है। पहले जहां संसाधनों के अभाव और दूर की दूरी के कारण कई छात्राएं पढ़ाई बीच में ही छोड़ देती थीं, वहीं आज इस योजना की मदद से बिटियाएं नियमित रूप से स्कूल पहुंच रही हैं और अपने भविष्य को संवार रही हैं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मंत्री प्रतिनिधि ठाकुर प्रसाद राजवाड़े का पारंपरिक रूप से फूल-माला एवं छत्तीसगढ़ी नृत्य के साथ स्वागत किया गया। स्वागत अवसर पर स्कूल की छात्राओं ने छत्तीसगढ़ी भाषा में गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया, जिससे पूरा वातावरण उत्साह और ऊर्जा से भर गया।
अपने उद्बोधन में मंत्री प्रतिनिधि ठाकुर प्रसाद राजवाड़े ने छात्र-छात्राओं को सामाजिक समानता, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी उत्पादों को अपनाने, परिवार की एकता बनाए रखने और संस्कारों के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को प्रतिदिन परिवार के साथ भोजन करने, सुबह-शाम आरती करने और माता-पिता के सम्मान की बात कहते हुए अच्छे संस्कार अपनाने की सीख दी।

कार्यक्रम की एक और विशेष कड़ी के रूप में भटगांव थाना प्रभारी टीआई सरफराज फिरदौसी ने छात्रों को साइबर ठगी से बचाव, नशा मुक्ति, गुड टच–बैड टच और समाज में बढ़ रहे अपराधों से सतर्क रहने की जानकारी दी। उनके संबोधन ने बच्चों में जागरूकता और आत्म-सुरक्षा के प्रति समझ विकसित की।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष रमेश गुप्ता, मंडल महामंत्री संतलाल प्रजापति, ग्राम पंचायत के सरपंच एवं उपसरपंच, हाई स्कूल बुंदिया के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, भाजपा के जनप्रतिनिधि तथा सैकड़ों ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने सरस्वती साइकिल योजना को बालिका शिक्षा के लिए मील का पत्थर बताते हुए शासन के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम के समापन पर छात्राओं के चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था। साइकिल पाकर छात्राओं ने कहा कि अब उन्हें स्कूल आने-जाने में सुविधा होगी और वे पूरी लगन से पढ़ाई कर अपने सपनों को साकार करेंगी।
सरस्वती साइकिल योजना निश्चित रूप से ग्रामीण अंचलों की बेटियों के लिए शिक्षा की राह आसान करने वाला एक सशक्त कदम साबित हो रही है।


