जरही/भटगांव:– गुरुवार देर रात जरही के बनारस रोड (एनएच) पर हुए सड़क हादसे में करौंधा गांव के 20 वर्षीय हृदयलाल राजवाड़े पिता हिम्मत लाल राजवाड़े की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार हिम्मत लाल अपने ट्रैक्टर में पुरिया लोड कर घर लौट रहे थे, इसी दौरान तेज रफ्तार XUV कार ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आक्रोशित होकर दुर्घटना में शामिल XUV वाहन को आग के हवाले कर दिया। घटना स्थल जरही पेट्रोल पंप से लगभग 300 मीटर की दूरी पर स्थित है। मौके पर अफरा-तफरी के बीच भटगांव थाना पुलिस पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

घटना के दौरान स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस द्वारा SECL से फायर ब्रिगेड सहयोग की मांग की गई, परंतु बताया गया कि आवश्यक स्तर की सुविधा उपलब्ध नहीं थी। इसके बाद नगर पंचायत जरही की टीम अपने फायर टैंकर के साथ मौके पर पहुंची और धधकती हुई XUV पर काबू पाया। टीम ने जले हुए वाहन को हटाकर मार्ग भी साफ कराया, जिससे यातायात बहाल हो सका।
https://www.facebook.com/share/v/1By5qY1XNV/
ग्रामीणों ने SECL में फायर ब्रिगेड व्यवस्था सक्रिय न होने पर नाराजगी व्यक्त की। लोगों का कहना था कि औद्योगिक क्षेत्र होने के बावजूद आपात स्थिति में आवश्यक संसाधन उपलब्ध नहीं हो पाए।
हादसे में युवक की मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है। घटना ने औद्योगिक क्षेत्र में आपदा-प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।


