सूरजपुर
रेलवे विभाग की मालगाड़ी से चावल चोरी कर उसे अवैध रूप से बेचने की फिराक में लगे दो युवकों को चौकी बसदेई पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से करीब 4 क्विंटल चावल, जिसकी कीमत लगभग 10 हजार रुपये बताई जा रही है, जप्त किया गया है।
डीआईजी एवं एसएसपी श्री प्रशांत कुमार ठाकुर के स्पष्ट निर्देश हैं कि जिले में चोरी, नकबजनी और संपत्ति संबंधी अपराधों पर सख्ती से अंकुश लगाया जाए। इन्हीं निर्देशों के पालन में दिनांक 18 दिसंबर 2025 को बसदेई चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम झांसी निवासी दमोदर राव एवं उंचडीह निवासी दिनेश विश्वकर्मा रेलवे विभाग की मालगाड़ी से चोरी किया गया चावल बेचने के लिए उंचडीह रेलवे फाटक के पास ग्राहक तलाश रहे हैं।

सूचना मिलते ही चौकी बसदेई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दबिश दी और दोनों आरोपियों को मौके से पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने रेलवे मालगाड़ी से चावल चोरी कर बिक्री के उद्देश्य से लाना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से 4 क्विंटल चावल बरामद कर जप्त किया।
पकड़े गए आरोपियों के विरुद्ध धारा 35(1-घ)/303(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत विधिवत कार्रवाई की गई है।
इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी बसदेई श्री योगेन्द्र जायसवाल एवं उनकी टीम की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस की इस सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से रेलवे संपत्ति की सुरक्षा को लेकर एक मजबूत संदेश गया है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।


