भैयाथान। छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव 2025 के अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा संचालित टी.बी. मुक्त भारत अभियान के तहत मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भैयाथान में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रकाश इंडस्ट्रीज लिमिटेड, भास्करपारा कोल माइन ने सामाजिक जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण पेश करते हुए भैयाथान व ओड़गी विकासखंड के 65 टी.बी. मरीजों को पोषण किट और दवाई का वितरण किया।
यही नहीं, प्रकाश इंडस्ट्रीज ने इन सभी मरीजों को एक वर्ष के लिए गोद लेने की घोषणा की है। अब आगामी 12 महीनों तक प्रत्येक मरीज को कंपनी की ओर से नियमित रूप से पोषण किट और आवश्यक दवाइयां प्रदान की जाएंगी।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ. के. डी. पैकरा (सीएमएचओ), डॉ. जे. एस. सरोता (डीटीओ), डॉ. राकेश सिंह (बीएमओ) सहित चिकित्सा दल मौजूद रहा। वहीं प्रकाश इंडस्ट्रीज की ओर से श्री डी. पात्रा (सीनियर जीएम), श्री विजय कुमार (एजीएम), श्री पी. के. सिंह (मैनेजर) सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य टी.बी. से जूझ रहे मरीजों को बेहतर पोषण एवं समय पर दवा उपलब्ध कराकर उन्हें पूर्ण रूप से स्वस्थ करना है। यह कदम जिले में टी.बी. उन्मूलन की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि साबित होगा।
65 टी.बी. मरीजों को पोषण किट व दवा वितरण।
प्रकाश इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने मरीजों को एक वर्ष के लिए गोद लिया
हर महीने पोषण किट और दवाई की व्यवस्था
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग व उद्योग प्रतिनिधियों की संयुक्त उपस्थिति


