बलरामपुर- जिले के ग्राम कमलपुर, तहसील रघुनाथ नगर में संचालित बीपीसीएल पेट्रोल पंप अब सीधे–सीधे फर्जीवाड़े और नियम उल्लंघन के साक्ष्यों में घिर चुका है। सामने आए दस्तावेजों और स्थल जांच से यह स्पष्ट हो रहा है कि यह पेट्रोल पंप ग्रामीण श्रेणी में स्वीकृत है, जबकि इसे स्टेट हाईवे पर खोलकर संचालित किया जा रहा है।
शासन के स्पष्ट मापदंड कहते हैं कि ग्रामीण श्रेणी का पेट्रोल पंप केवल ग्रामीण मार्ग पर ही संचालित हो सकता है। इसके बावजूद पेट्रोल पंप के मालिक/संचालक ने नियमों को ताक पर रखकर हाईवे पर पंप खोल दिया जो सीधे तौर पर लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन और प्रशासन को गुमराह करने का मामला बनता है।

उपलब्ध साक्ष्यों में पंप की स्वीकृति श्रेणी, लोकेशन और संचालन स्थल में स्पष्ट अंतर दिख रहा है। यानी कागजों में कुछ और, जमीन पर कुछ और!
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पंप पूरी तरह फर्जी तरीके से हाईवे पर खड़ा किया गया है, जिससे न केवल शासन को नुकसान हो रहा है बल्कि आम जनता की जान भी खतरे में है।
अब बड़ा सवाल यह है कि

आखिर पेट्रोल पंप के मालिक ने किसके संरक्षण में यह फर्जी संचालन शुरू किया? किन अधिकारियों की मिलीभगत से नियमों को कुचला गया?
जनता और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस फर्जी पेट्रोल पंप को तत्काल सील किया जाए और संचालक पर आपराधिक कार्रवाई हो।
प्रशासन की चुप्पी अब सवालों के घेरे में है।


