थीम: “एक पृथ्वी – एक स्वास्थ्य के लिए योग”
सूरजपुर, 15 जून 2025
11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में सूरजपुर जिले में 15 जून से 21 जून तक “योग सप्ताह” मनाया जा रहा है। इस अभियान की विधिवत शुरुआत आज सुबह 7 बजे सूरजपुर नगर पालिका रंगमंच प्रांगण में सामूहिक योग अभ्यास के साथ की गई।
कार्यक्रम में विधायक श्री भूलन सिंह मरावी और कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन ने योगगुरु के सान्निध्य में विभिन्न आसनों का अभ्यास कर योग सप्ताह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर श्री शशिकांत गर्ग, श्री अरविंद मिश्रा, श्री राजेन्द्र प्रसाद पाठक, श्रीमती बेनेदिक्ता तिर्की (उपसंचालक, समाज कल्याण विभाग) सहित अनेक जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारियों की उपस्थिति रही।

योग: भारतीय संस्कृति की अमूल्य देन।
विधायक श्री मरावी ने कहा, “योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य देन है। यह न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक और आत्मिक शांति भी प्रदान करता है। आज योग पूरी दुनिया को भारत से जोड़ रहा है।” उन्होंने आम नागरिकों से इसे जीवनशैली में अपनाने का आह्वान किया।
कलेक्टर श्री जयवर्धन ने कहा कि योग जीवन में अनुशासन, संतुलन और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। उन्होंने बताया कि 21 जून तक जिले के सभी विकासखंडों, पंचायतों, स्कूलों, कॉलेजों और अन्य संस्थानों में सामूहिक योगाभ्यास के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने आमजनों से इस महाअभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

एक दशक की वैश्विक उपलब्धि।
संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस घोषित किए हुए यह 11वां वर्ष है। वर्ष 2025 में यह दिन एक दशक की उपलब्धियों को समर्पित है, जिसमें योग ने दुनिया भर में स्वास्थ्य और आत्मचिंतन की चेतना को पुनर्जागृत किया है।
इस वर्ष भारत सरकार द्वारा योग दिवस के लिए निर्धारित थीम “एक पृथ्वी – एक स्वास्थ्य के लिए योग” वैश्विक स्वास्थ्य, पर्यावरण संतुलन और जीवनशैली सुधार में योग की भूमिका को रेखांकित करता है।