सरगुजा
यातायात नियमों के उल्लंघन और सड़क सुरक्षा के प्रति लापरवाही के खिलाफ सरगुजा पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। 19 दिसंबर 2025 को थाना मणिपुर पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल पर चार युवकों को सवार होकर चलते हुए पकड़ा गया, जो न केवल नियमों का उल्लंघन था बल्कि आम जनता की जान के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता था।
जांच के दौरान मोटरसाइकिल क्रमांक CG 15 EA 4287 को रोका गया। वाहन चालक की स्थिति संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस ने तत्काल उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया, जिसमें चालक के नशे में वाहन चलाने की पुष्टि हुई। इसके बाद चालक के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत विधिवत कार्रवाई करते हुए उसे माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
वहीं, मोटरसाइकिल पर सवार अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध भी कानूनी व प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सख्त अभियान जारी रहेगा।

सरगुजा पुलिस की इस कार्रवाई से यह साफ संदेश गया है कि नशे में वाहन चलाना और ओवरलोडिंग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी, क्योंकि यह न केवल कानून का उल्लंघन है बल्कि सड़क पर चल रहे हर व्यक्ति की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर अपराध भी है।


